महाराष्ट्र में CM पर फंसा पेंच! अब रविवार को होगी महायुति की बैठक, शिंदे की वजह से मीटिंग कैंसिल
महाराष्ट्र के निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शुक्रवार की सुबह नई दिल्ली से मुंबई लौटने के बाद सीधे अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए हैं। शिंदे का पैतृक गांव सतारा जिले में है। पहले ये खबर थी कि दिल्ली से लौटने के बाद मुंबई में महायुति की बैठक होगी। लेकिन अब रिपोर्ट है कि आज कोई बैठक नहीं होगी क्योंकि शिंदे अपने गांव के लिए गए हैं। अब बैठक रविवार को होने की संभावना है।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव परिणामों के एक सप्ताह बाद अपने उत्तराधिकारी को लेकर सस्पेंस जारी है। शिंदे ने गुरुवार देर रात नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा था कि सरकार गठन पर महायुति गठबंधन की अगली बैठक शुक्रवार को मुंबई में होगी। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि शिवसेना प्रमुख कार्यवाहक सीएम पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा जिले में अपने पैतृक गांव दरे की यात्रा कर रहे हैं और अब बैठक रविवार को होने की उम्मीद है।

शिंदे बोले- सरकार गठन में बाधा नहीं बनेंगे
शिवसेना नेता शिंदे ने बार-बार कहा है कि वह सरकार गठन में बाधा नहीं बनेंगे और अगले मुख्यमंत्री पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लिए गए फैसलों का पालन करेंगे। महायुति के सबसे बड़े घटक भाजपा के नेतृत्व वाली अगली सरकार में शिंदे की जगह को लेकर शिवसेना में अलग-अलग दृष्टिकोण उभर रहे हैं, जिसने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज की।
शिवसेना के कई नेता शिंदे से कह रहे हैं कि अगर भाजपा उन्हें उपमुख्यमंत्री का पद दे तो वे इसे स्वीकार कर लें। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि दूसरे धड़े का मानना है कि ढाई साल से अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने के बाद शिंदे के लिए दूसरे नंबर की स्थिति स्वीकार करना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा, "भाजपा द्वारा विधायक दल के नेता की घोषणा के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।"
दिल्ली दौरे के दौरान शिंदे ने शाह से मुलाकात की थी और राज्य में अगली सरकार के गठन पर चर्चा की थी। निवर्तमान राज्य मंत्रिमंडल में उनके डिप्टी देवेंद्र फडणवीस (भाजपा) और अजित पवार (राकांपा) ने भी वरिष्ठ भाजपा नेता से मुलाकात की थी। राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने चर्चा को "अच्छा और सकारात्मक" बताया। शिंदे, फडणवीस और पवार ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से भी मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications