अस्पताल से हीरो की तरह हुई कोरोना को मात देने वाले 36 दिन के नवजात की विदाई, आदित्य ठाकरे ने शेयर किया Video
मुंबई। भारत में कोरोना वायरस संकट के बीच एक 36 दिन के नवजात बच्चे ने इस जानलेवा महामारी से जंग जीतकर यह बता दिया है कि कोविड-19 से डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। वैश्विक महामारी से दुनियाभर में 54 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं वहीं, भारत में कुल मरीजों की संख्या 1,58,33 हो गई है। राहत की बात यह है कि अब तक देश में कुल 67,692 मरीजों ने कोरोना वायरस को मात दिया और स्वस्थ्य होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं।

आदित्य ठाकरे ने शेयर किया वीडियो
इन्हीं में से एक नवजात बच्चा है जो दुनिया में आने के कुछ दिन बाद ही संक्रमित हो गया था लेकिन अब वह पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुका है। दरअसल, सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने सीएमओ द्वारा पोस्ट मुंबई के एक अस्पताल का वीडियो शेयर किया है जो अब सुर्खियों में आ गया है। महाराष्ट्र में 36 दिन का एक बच्चा कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में एक विजेता बनकर उभरा है। कोविड-19 से संक्रमित बच्चा अब ठीक होकर अपने घर लौट चुका है।

सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ
आदित्य ठाकरे द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होते समय अस्पताल के डॉक्टर्स और नर्सों ने तालियों के साथ बच्चे को विदा किया। स्टाफ की इस भावना की अब सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। सीएमओ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है कि यह महाराष्ट्र के लोगों के लिए, जब कोई लड़ाई लड़ने की बात आती है तो उम्र कोई रोक नहीं है।

19 सेकंड का वीडियो वायरल
ट्वीट में आगे लिखा कि मुंबई के सायन अस्पताल में कोविद-19 से संक्रमित 36 दिन का बच्चा अब महामारी पर जीत हासिल कर चुका है, उसके सम्मान में खुद डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ ने तालियां बजाईं। महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने भी कैप्शन में कई क्लैप इमोजी के साथ वीडियो को रीट्वीट किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए 19 सेकंड के इस वीडियो को अब तक 3 लाख से अधिक लोगों ने देख लिया है।
👌🏻👏🏻👏🏻👏🏻👏🏻 https://t.co/33AqrAsFgx
— Aaditya Thackeray (@AUThackeray) May 27, 2020
कोरोना मरीजों के लिए 'आशा की किरण' बना बच्चा
एक बच्चे के कोरोना वायरस को हराने की खबर से हर कोई खुश है, सोशल मीडिया पर लोगों ने बच्चे को आशा की किरण बताया है। कोरोन वायरस प्रकोप के बीच कई यूजर्स ने स्वास्थ्य कर्मियों की अथक सेवा की भी सराहना की। माजिद काजी नाम के एक ट्विटर यूजर ने लिखा, यह पूरी तरह से अद्भुत, बड़ी खबर है और हम निश्चित रूप से इससे प्रेरणा लेंगे, सायन अस्पताल की टीम वाकई तारीफ के काबिल है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: लकड़ी के जरिए भी हो सकेगा कोरोना संक्रमितों का अंतिम संस्कार, नगर निगम के आदेश के बाद खड़ा हुआ विवाद












Click it and Unblock the Notifications