अडाणी एनर्जी का नया पावर प्रोजेक्ट, मुंबई में अब नहीं होगा ब्लैकआउट
अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने मुंबई में 1,000 मेगावाट की हाई-वोल्टेज डायरेक्ट करंट (HVDC) ट्रांसमिशन लिंक शुरू कर दी है। इस प्रोजेक्ट का मकसद मुंबई के पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और शहर के साथ-साथ मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में क्लीन एनर्जी की सप्लाई बढ़ाना है।

AESL की सहायक कंपनी अडाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (AEMIL) द्वारा विकसित यह प्रोजेक्ट कुडूस को आरे से जोड़ता है। इसमें 30 किलोमीटर की ओवरहेड ट्रांसमिशन लाइन और 50 किलोमीटर का अंडरग्राउंड कॉरिडोर शामिल है, जिसे मुंबई जैसे घनी आबादी वाले इलाके को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में दुनिया का पहला कॉम्पैक्ट HVDC सबस्टेशन लगाया गया है, जो खास तौर पर जगह की कमी वाले महानगरों के लिए डिजाइन किया गया है।
इस ट्रांसमिशन लिंक की योजना अक्टूबर 2020 में मुंबई में हुए ब्लैकआउट के बाद बनाई गई थी, जिसने शहर के बिजली नेटवर्क की कमियों को उजागर कर दिया था। अब 1,000 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता से ग्रिड की विश्वसनीयता बढ़ेगी, बिजली गुल होने का खतरा कम होगा और शहर के भीतर होने वाले बिजली उत्पादन पर निर्भरता भी घटेगी।
इस HVDC लिंक के जरिए मुंबई अब शहर के बाहर से अधिक बिजली ले सकेगा, जिसमें दूसरे राज्यों में पैदा होने वाली रिन्यूएबल एनर्जी (अक्षय ऊर्जा) भी शामिल है। जैसे-जैसे पूरे MMR में बिजली की मांग बढ़ रही है, यह प्रोजेक्ट मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर पर पड़ने वाले दबाव को कम करेगा।
इस प्रोजेक्ट में वोल्टेज सोर्स कन्वर्टर (VSC) आधारित HVDC तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे बिजली के प्रवाह पर सटीक कंट्रोल, बेहतर वोल्टेज स्थिरता और ग्रिड को मजबूती मिलती है। साथ ही, इसमें 'ब्लैक-स्टार्ट' की सुविधा भी है, जिससे बिजली गुल होने की स्थिति में बाहरी स्रोतों पर निर्भर रहे बिना पावर सप्लाई को फिर से शुरू किया जा सकता है।
अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड के सीईओ कंदर्प पटेल ने कहा कि इस ट्रांसमिशन लाइन के शुरू होने से मुंबई को एक आधुनिक पावर कॉरिडोर मिला है। यह ग्रिड की स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रिन्यूएबल एनर्जी को जोड़ने में सक्षम है।
कुडूस-आरे लिंक दुनिया के सबसे बड़े शहरी HVDC फीडर्स में से एक है। उम्मीद है कि यह मुंबई को एक स्वच्छ और अधिक भरोसेमंद पावर सिस्टम की ओर ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।












Click it and Unblock the Notifications