ऋषि कपूर की तबीयत बिगड़ी, मुंबई के अस्पताल में भर्ती, कैंसर से हैं ग्रसित
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर को लेकर एक बड़ी खबर आई है। जानकारी के मुताबिक ऋषि कपूर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें मुंबई के एच एन रिलाइंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने इसकी पुष्टि की। रणधीर कपूर ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में इस बात की पुष्टि करते हुए बताया है कि ऋषि कपूर को सांस लेने में तकलीफ थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल में पत्नी नीतू सिंह कपूर उनके साथ
वहीं हॉस्पिटल सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक ऋषि कपूर को कैंसर संबंधित समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वो आईसीयू में है और उनकी हालत क्रिटिकल है। अस्पताल में पत्नी नीतू सिंह कपूर उनके साथ हैं। आपको बता दें कि पिछली बार जब ऋषि कपूर मुंबई के अस्पताल में भर्ती हुए थे तब एक बातचीत में बताया था, 'मुझे इंफेक्शन हुआ था और उसका इलाज चल रहा है। कोई घबराने की बात नहीं है। शायद प्रदूषण की वजह से मुझे इंफेक्शन हो गया।'

पिछले साल सितंबर में अमेरिका से कैंसर के इलाज के बाद भारत लौटे थे
ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में न्यूयॉर्क में लगभग एक साल कैंसर के इलाज के बाद भारत लौटे थे। अभिनेता को 2018 में कैंसर का पता चला था और 11 महीने और 11 दिनों तक चलने वाले मज्जा उपचार और रिकवरी से गुजरना पड़ा था। जब ऋषि कपूर न्यूयॉर्क में थे, तब उनके बेटे और अभिनेता रणबीर कपूर भी काफी दिनों तक पिता के साथ थे, इस बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने विदेश में इलाज के दौरान ऋषि कपूर से मुलाकात की थी।
दिल्ली में शूटिंग के दौरान बिगड़ गई थी तबियत
बता दें, पिछले दिनों ही ऋषि कपूर ने फिल्म 'शर्माजी नमकीन' की शूटिंग दिल्ली में शुरू की थी और इस फिल्म के प्रड्यूसर हनी त्रेहान ने मुंबई मिरर को बताया था कि ऋषि जल्द ही शूट पर लौटेंगे और घबराने की कोई बात नहीं है। ऋषि कपूर की तबियत फरवरी महीने की शुरुआत में ही बिगड़ गई थी, तब से अब तक वह लगातार अपनी सेहत पर ध्यान दे रहे थे। डॉक्टर्स की हिदायत पर उन्होंने शूटिंग भी शुरू नहीं की थी।

बुधवार को इरफान खान की हुई थी मौत
इंटरनेशनल और इंडियन सिनेमा में अपनी दमदार एक्टिंग से लाखों के दिलों पर राज करने वाले एक्टर इरफान खान का 53 साल की उम्र में निधन हो गया। मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में इरफान ने बुधवार सुबह आखिर सांस ली। उन्हें Colon infection की वजह से भर्ती किया गया था पर बचाया नहीं जा सका। बुधवार शाम करीब 4 बजे उन्हें अंतिम विदाई दे दी गई। जनाने की नमाज के बाद इरफान खान के पार्थिव शरीर को यारी रोड, वर्सोवा के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए उनकी पत्नी और बेटे और परिवार के कुछ लोग मौजूद थे। लॉकडाउन के चलते उनकी अंतिम यात्रा में सिर्फ 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति थी।












Click it and Unblock the Notifications