Gangs of Wasseypur में मारी थी गोली, अब रियल लाइफ में पंकज त्रिपाठी ने उसी एक्टर की बचाई जान
वाराणसी, अप्रैल 16। देशभर में कोरोना वायरस महामारी का विकराल रूप देखने को मिल रहा है, रोजाना सामने आ रहे लाखों नए मरीजों के बीच अब जगह-जगह से बेड और दवाई की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों का सामना अब सिर्फ आम आदमी ही नहीं बल्कि बॉलीवुड स्टार्स को भी करना पड़ रहा है। फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में दानिश का किरदार निभाने वाले एक्टर विनीत कुमार सिंह का परिवार भी कोविड-19 से पीड़ित है। बीते दिनों ट्वीट के जरिए उन्होंने वाराणसी में दवाइयों की किल्लत का मुद्दा उठाया जिसको लेकर अब वह सुर्खियों में हैं।

एक्टर विनीत कुमार हैं बीमार
एक्टर विनीत कुमार इन दिनों अपने पैतृक घर वाराणसी (बनारस) में हैं। शुक्रवार को उन्होंने अपने फैंस को जानकारी दी कि उनका परिवार, दोस्त और वह खुद भी बीमार हैं। कोरोना काल में उन्हें वाराणसी में दवाइयां नहीं मिल रही हैं जिसके चलते उन्होंने सरकार को भी आड़े हाथ लिया। ट्वीट करने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी मदद की पेशकश की लेकिन इस मुश्किल परिस्थिति में विनीत की सहायता ऐसे शख्स ने की जिसकी उम्मीद उन्होंने भी नहीं की होगी।

बनारस में दवाई की कमी से एक्टर परेशान
आइए पहले आपको विनीत के उस ट्वीट के बारे में बताते हैं जिसमें उन्होंने अपनी परेशानियों का जिक्र किया। शुक्रवार को किए अपने ट्वीट में एक्टर ने लिखा, 'मैं बनारस में हूं, बाजार में दवाई फैबीफ्लू नहीं मिल रही है, निजी लैब कोविड-19 जांच करने में पांच दिन से असमर्थ है। बीमार आदमी को क्या दूं? आपके वादे या आपकी भीड़ वाली रैली के वीडियोज? जो आप लोग लगातार पोस्ट कर रहे हैं? धिक्कार है, स्वार्थ अंधा बना देता है, जागें, आम आदमी दम तोड़ रहा है।'

विनीत की मदद के लिए आगे आया ये को-स्टार
एक्टर विनीत कुमार का यह ट्वीट देखते ही देखते वायरल हो गया और कई लोगों ने उनकी बातों से सहमति जताई। इस बीच कुछ ऐसे लोग भी थे जिन्होंने विनीत को मदद की पेशकश की। हालांकि एक्टर की मदद उस फिल्म स्टार ने की जिसने कभी बड़े पर्दे पर विनीत के किरदार यानी दानिश की जान ली थी। नहीं समझे? आपको बता दें कि विनीत की मदद किसी और ने नहीं बल्कि 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में उनके को-स्टार रहे पंकज त्रिपाठी ने की।

सुल्तान ने असल जीवन में गोली (दवाई) भिजवाई
जी हां, दवाई ना मिलने से परेशान विनीत कुमार सिंह का ट्वीट देखते ही एक्टर पंकज त्रिपाठी बिना देर किए उनकी मदद के लिए आगे आए। इसकी जानकारी खुद विनीत ने अपने दूसरे ट्वीट में दी है। उन्होंने लिखा, जिन लोगों को संदेह है, मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि मेरे परिवार के सदस्य बीमार हैं, कुछ दोस्त भी बीमार हैं और मैं खुद भी बीमार हूं। दवाई मिल गई है। मदद करने के लिए धन्यवाद पंकज त्रिपाठी भाई। मेरे किरदार को सुल्तान ने वासेपुर में गोली मारी थी, लेकिन असल जीवन में गोली (दवाई) भिजवाई है।

फिल्म में पंकज त्रिपाठी ने ली थी विनीत की जान
अगर आपने अनुराग कश्यप निर्देशित फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' देखी है और उसके भौकाल से परिचित हैं तो यह जरूर जानते होंगे कि फिल्म के एक सीन में दानिश (विनीत कुमार सिंह), जो फैजल (नवाजउद्दीन सिद्दीकी) का बड़ा भाई होता है, उसे गैंगस्टर सुल्तान का किरदार निभाने वाले पंकज त्रिपाठी दिन दहाड़े गोली मार देते हैं। फिल्म के इसी सीन को याद करते हुए विनीत कुमार ने मदद के लिए फिल्मी अंदाज में पंकज त्रिपाठी को शुक्रिया कहा। बता दें कि 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के अलावा फिल्म 'गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल' में भी विनीत और पंकज त्रिपाठी एक साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: World Siblings day: अनुष्का से लेकर कार्तिक तक, बॉलीवुड सेलेब्स के ऐसे भाई-बहन जो लाइमलाइट से रहते हैं दूर












Click it and Unblock the Notifications