'बजरंगी भाईजान' में सलमान के साथ काम कर चुके एक्टर की कोरोना से मौत, एक दिन पहले हुआ था मां का देहांत
नई दिल्ली। कोरोना काल में फिल्म इंडस्ट्री से एक और बुरी खबर सामने आई है। टीवी के फेमस शो 'क्राइम पेट्रोल' और 'बजरंगी भाई जान' जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आ चुके एक्टर हरीश बंचटा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले हरीश बंचटा की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। एक्टर हरीश बंचटा के निधन पर बॉलीवुड और टीवी जगत में शोक का माहौल है, ट्विटर पर फैंस ने अपने चहेते एक्टर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है।

एक दिन पहले ही हुआ था मां का देहांत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक एक दिन पहले ही एक्टर हरीश बंचटा की मां का देहांत हो गया था। उसी दिन उन्हें भी हिमाचल प्रदेश में रोहड़ से आईजीएमसी (IGMC) शिमला शिफ्ट किया गया था। एक्टर में कोरोना के लक्षण पहले ही देखे गए थे, सोमवार की रात उनका कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया। इस बीच डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की लेकिन मंगलवार को उनका महामारी के चलते निधन हो गया।

'क्राइम पेट्रोल' में बने थे आनंदी के ससुर
गौरतलब है कि भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है, हिमाचल प्रदेश में भी महामारी की वजह से मंगलवार को 12 लोगों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना वायरस से मरने वालों में एक नाम एक्टर हरीश बंचटा का भी था। दिवंगत एक्टर शिमला के चौपाल के शंठा से ताल्लुक रखते थे, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वह 18 सालों से बॉलीवुड और टीवी जगत में एक्टिव थे। ज्यादातर लोग उन्हें 'क्राइम पेट्रोल' सीरीयल में पुलिस के किरदार में देख चुके हैं।

'बजरंगी भाई जान' समेत कई फिल्मों में किया काम
हरीश बंचटा ने अपने अभिनय से न सिर्फ हिमाचल प्रदेश का बल्कि अपने शहर का भी नाम खूब रौशन किया। 48 वर्षीय दिवंगत एक्टर सलमान खान की फिल्म 'बजरंगी भाई जान' समेत कई फिल्मों में एक्टिंग कर चुके हैं। 'बजरंगी भाई जान' में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया और उनकी सराहना भी की गई। इस फिल्म में उन्होंने पाकिस्तान के पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी।

कोरोना प्रोटोकॉल के तहत हुआ अंतिम संस्कार
बता दें कि दिवंगत अभिनेता हरीश बंचटा ने कई सीरियल्स में अपने एक्टिंग का जादू बिखेरा है। उन्होंने सोनी चैनल के फेमस शो सीआईडी और क्राइम पेट्रोल में भी काम किया है। एक्टर के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके साथ काम करने वाले कई दिग्गज कलाकारों ने हरीश को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। बता दें कि मंगलवार शाम कोरोना प्रोटोकॉल के तहत पैतृक क्षेत्र कनलोग में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। हरीश अपने पीछे पत्नी और इकलौती बेटी को छोड़कर गए हैं जो 9वीं कक्षा में पढ़ती है।
यह भी पढ़ें: फैन ने आर माधवन से पूछा उनकी जवानी का राज, 50 वर्षीय एक्टर ने बताया जवां रहने का सबसे सस्ता तरीका












Click it and Unblock the Notifications