आर्मस्ट्रांग की हत्या का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, हिस्ट्रीशीटर पर पुलिस ने बनाई हुई थी लगातार नजर
K Armstrong's Murder Case: बहुजन समाज पार्टी के तमिलनाडु प्रमुख के आर्मस्ट्रांग की हत्या के आरोपी को मार गिराया गया है। इस बात की जानकारी पुलिस ने खुद दी है। पुलिस ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के तमिलनाडु प्रमुख के आर्मस्ट्रांग की हत्या के एक आरोपी को शनिवार रात मुठभेड़ में मार गिराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार हिस्ट्रीशीटर थिरुवेंगदम, जो इस हत्या में शामिल था, चेन्नई के माधवरम इलाके में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। थिरुवेंगदम ने कथित तौर पर कई दिनों तक आर्मस्ट्रांग का पीछा किया और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी थी।

33 वर्षीय थिरुवेंगदम को 11 जुलाई को सेम्बियम पुलिस ने पांच दिनों के लिए हिरासत में लिया था और पूछताछ के लिए पारंगीमलाई सशस्त्र रिजर्व स्टेशन ले जाया गया था।
कब और कैसे हुई थी आर्मस्ट्रांग की हत्या?
के आर्मस्ट्रांग की 5 जुलाई को चेन्नई के पेरम्बूर इलाके में उनके आवास के पास छह अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। बाइक सवार हमलावरों ने उन पर चाकुओं से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इस मामले में अब तक कम से कम 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस घटना ने राज्य में जोरदार राजनीतिक हंगामा खड़ा कर दिया, विपक्षी दलों ने एमके स्टालिन की सरकार पर कानून व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाया।
आर्मस्ट्रांग की हत्या पर राजनीति गरमाई
बसपा सुप्रीमो मायावती ने आर्मस्ट्रांग की हत्या की सीबीआई जांच की मांग करते हुए दावा किया कि जो लोग अब तक गिरफ्तार किए गए हैं वे असली अपराधी नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री स्टालिन से पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपने का आग्रह किया।
इस बीच, मुख्यमंत्री स्टालिन ने आर्मस्ट्रांग के परिवार से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि अपराधियों को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने बसपा नेता की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि इस जघन्य हत्या में शामिल सभी लोगों को कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications