यूपी का Survey: मायावती के साथ आने से अखिलेश यादव को फायदा, पर घाटे में रहेंगी बुआ, NDA को 8% का नुकसान
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कैराना और नूरपुर में होने वाले उपचुनाव से पहले एबीपी न्यूज-सीएसडीएस के सर्वे में बीजेपी के लिए बुरी खबर आई है। 19 राज्यों के सर्वे में उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए मुश्किल चुनौती लेकर आता दिख रहा है। इसके अलावा सपा-बसपा के साथ आने से जुड़ा अहम फैक्ट भी सामने आया है। सर्वे की मानें तो मायावती के अखिलेश यादव के साथ आने से सपा को तो लाभ होगा, लेकिन बसपा का वोट प्रतिशत कम होगा।

सर्वे के मुताबिक, अगर आज यूपी में लोकसभा चुनाव हो जाएं तो एनडीए को 35 प्रतिशत वोट ही प्राप्त होंगे, जबकि बसपा-सपा गठबंधन को फायदा होता दिख रहा है। एनडीए को पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में करीब 8 प्रतिशत वोटर शेयर कर नुकसान होता दिख रहा है। सर्वे में इस समय एनडीए को 35 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है, जबकि पिछले लोकसभा चुनाव में उसे 43 प्रतिशत वोट मिले थे।
बसपा और सपा के लिए सर्वे में आई बड़ी खबर
उत्तर प्रदेश में एनडीए को 8 प्रतिशत वोट शेयर का नुकसान होता नजर आ रहा है। सर्वे के मुताबिक, एनडीए को 35 प्रतिशत, यूपीए को 12%, जबकि अन्य को 53% वोट शेयर का अनुमान है। अन्य में बसपा और सपा-बसपा जैसी दल हैं, जो एक साथ मिलकर गोरखपुर और फूलपुर में बीजेपी को मात दे चुके हैं। 2014 के आंकड़ों की बात करें तो एनडीए को मोदी की प्रचंड लहर में 43% वोट शेयर मिला था। 2014 में यूपीए का वोट शेयर सिर्फ 8% था, लेकिन इस बार उसे 4 प्रतिशत का फायदा होता दिख रहा है।
सपा और बसपा को 2014 में 42% वोट मिला था, लेकिन इस बार इन दलों का वोट शेयर 4 प्रतिशत बढ़ता दिख रहा है। मतलब अगर यूपी में आज लोकसभा चुनाव हों तो सपा-बसपा को 46 प्रतिशत वोटर शेयर मिलता दिख रहा है। सर्वे में एक और अहम बात सामने आई है। सपा और बसपा के साथ आने से दोनों दलों को आपस में कितना फायदा और नुकसान हो रहा है। सर्वे की मानें तो बसपा के साथ आने से सपा को 2014 की तुलना में 5 प्रतिशत का लाभ हो रहा है। उसे 2014 में 22 प्रतिशत वोट शेयर मिला था, लेकिन अगर अभी चुनाव हों तो सपा को 27 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है।
दूसरी ओर मायावती की बात करें तो उन्हें सपा के साथ आने से सर्वे में 1 प्रतिशत वोट शेयर का नुकसान होता दिख रहा है। बसपा को 2014 में 20 प्रतिशत वोट शेयर मिला था, जबकि अगर आज चुनाव हों तो बसपा को 19 प्रतिश वोट शेयर प्राप्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications