नशे में चूर अभिजीत ने की थी बहस, गुस्से में आकर मां ने दबा दिया गला
Recommended Video

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के विधान परिषद सभापति रमेश यादव के बेटे अभिजीत यादव की हत्या के मामले में मां मीरा यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मां ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है कि उसी ने अपने बेटे अभिजीत की हत्या की है। गौरतलब है कि अभिजीत यादव का शव संदिग्ध अवस्था में रविवार को हजरतगंज स्थित आवास पर मिला था।

मां ने कबूला अपना गुनाह
अभिजीत यादव की हत्या के मामले में लखनऊ के एसपी पूर्वी सर्वेश मिश्रा ने बताया, 'पूछताछ के दौरान मृतक की मां ने कबूला है कि अभिजीत घटना वाली रात शराब के नशे में घर पहुंचा था और उसकी कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद मीरा यादव ने घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने मीरा यादव को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।'

घरवालों ने स्वभाविक मौत बताया था
एसपी पूर्वी सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जब पुलिस घर पहुंची तो अभिजीत के घरवालों ने इसे स्वभाविक मौत बताया था और वे कोई जांच कराना नहीं चाहते थे। शक होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जिसके बाद सामने आया कि ये हत्या का मामला है। बता दें कि पीएम रिपोर्ट में अभिजीत की मौत का कारण गला दबाना बताया गया है।

मां मीरा यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि के बाद पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई थी। जबकि इस मामले में परिजनों का कहना था कि अभिजीत के सीने में दर्द उठने के बाद उसकी मौत हुई और उस समय मां और भाई कमरे में ही मौजूद थे। वहीं, मौत के कारण का पता चलने के बाद से ही पुलिस को मां मीरा यादव पर शक था और सुबह ही मीरा यादव को गिरफ्तार भी कर लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications