AAP MLA Rape Case: रेप केस में फंसे AAP विधायक हिरासत से फरार, पुलिस पर फायरिंग का आरोप
AAP MLA Harmeet Pathanmajra Rape case: पंजाब की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने बलात्कार और निजी वीडियो लीक मामले में गिरफ्तार किया था, लेकिन गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद वो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
आरोप है कि भागने के दौरान हरमीत और उनके समर्थकों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें एक जवान घायल हो गया। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की भी कोशिश की। अब पंजाब और हरियाणा पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस पर फायरिंग का आरोप
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को पटियाला पुलिस हरमीत पठानमाजरा को बलात्कार और आईटी एक्ट से जुड़े मामले में थाने ले जा रही थी। इसी दौरान अचानक उन्होंने अपने साथियों के साथ पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। आरोप है कि फरार होते समय हरमीत ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी पुलिसकर्मी पर चढ़ाने की भी कोशिश की। बताया जा रहा है कि वे स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर कारों में सवार होकर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने फॉर्च्यूनर जब्त कर ली है, लेकिन हरमीत स्कॉर्पियो से फरार होने में कामयाब रहा। फिलहाल पंजाब और हरियाणा पुलिस की टीमें मिलकर उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
क्या है मामला?
मामला 25 अगस्त से जुड़ा हुआ है। इसी दिन एक महिला ने पठानमाजरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उन्होंने उसका निजी वीडियो लीक कर जान से मारने की धमकी दी। इसके अगले दिन, 26 अगस्त को महिला ने दूसरी शिकायत दी और दावा किया कि हरमीत ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। दोनों शिकायतों के आधार पर पटियाला पुलिस ने IPC की धारा 376 और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
ये भी पढ़ें Punjab: अमृतसर के स्वर्ण मंदिर को बम से उड़ाने की मिली धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा, जांच में जुटी पुलिस
अपनी पार्टी पर ही लगाया गंभीर आरोप
गिरफ्तारी से पहले हरमीत पठानमाजरा ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया। फेसबुक लाइव में उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ दर्ज मामला पुरानी शिकायत पर आधारित है और यह पूरी तरह राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। पठानमाजरा ने आरोप लगाया कि दिल्ली AAP टीम पंजाब में उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। लाइव के दौरान उन्होंने समर्थकों से पटियाला के SSP और DC ऑफिस पहुंचकर समर्थन देने की अपील की। इसी अपील के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक वहां जुटे और पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हो गई।
फिलहाल, इस पूरे मामले ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है। जहां विरोधी दल आम आदमी पार्टी पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं पुलिस दोनों राज्यों में मिलकर फरार विधायक को पकड़ने में जुटी है।
ये भी पढ़ें Punjab Police की बड़ी कार्रवाई: अमृतसर से हरिद्वार तक फैले अवैध ट्रामाडोल नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications