Aaj ka Mausam: ठंड में रेड अलर्ट क्यों डराता है? क्या करें क्या नहीं? IMD की चेतावनी, UP से बिहार तक कोहरा
Aaj Ka Mausam kaisa Rahega (Weather Forecast 20 December): दिसंबर की ठंड अब अपने पूरे तेवर में नजर आ रही है। पहाड़ी इलाकों से लेकर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों तक लोगों को कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे से जूझना पड़ रहा है। भारत मौसम विभाग यानी IMD ने साफ कर दिया है कि यह हालात फिलहाल थमने वाले नहीं हैं। 20 दिसंबर को मौसम कई राज्यों में और ज्यादा खराब रहने वाला है, ठंड, कोहरा और प्रदूषित हवा आपका जीना मुश्किल कर सकते हैं।
IMD की चेतावनी, कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में 20 दिसंबर की सुबह तक घना से बहुत घना कोहरा रहेगा। हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में 21 दिसंबर की सुबह तक यही हालात बने रह सकते हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। IMD ने उत्तर भारत के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है।

दिल्ली-NCR में कोहरा, ठंड और प्रदूषण का ट्रिपल संकट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को घने कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही। 20 और 21 दिसंबर को मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली और नोएडा में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से 450 के बीच पहुंच चुका है, जो गंभीर श्रेणी में आता है।
IMD ने दिल्ली के लिए 20 दिसंबर को अत्यधिक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान 20 से 25 दिसंबर के बीच 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कोहरे और प्रदूषण के मेल से हालात इतने बिगड़े कि शुक्रवार को 700 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा और 177 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं।
यूपी में दिन में भी ठंड, रात में कंपकंपी (UP Weather Forecast)
उत्तर प्रदेश में ठंड का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्दी कम नहीं हो रही है, जबकि रात में तापमान तेजी से गिर रहा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे और अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे चला गया है।
20 दिसंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन कई इलाकों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने का अलर्ट है। लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और मुरादाबाद में खास तौर पर कोहरे का असर रहेगा। अगले 24 से 48 घंटों में शीत दिवस जैसे हालात बन सकते हैं।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम करवट लेने वाला है। IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 21 दिसंबर को जम्मू कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी के संकेत हैं, जबकि मैदानी जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम? (Bihar Jharkhand Weather update)
बिहार में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। राज्य के 12 जिलों में रेड अलर्ट और 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। गया में तापमान करीब 12 डिग्री तक पहुंच गया है और कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदलनी पड़ी है।
झारखंड में उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण कनकनी बढ़ गई है। रांची समेत 13 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट है। कांके में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा और पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?
हरियाणा के 18 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं और रोडवेज को रात और सुबह की कई बसें रद्द करनी पड़ी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 दिसंबर तक राज्य में मौसम शुष्क रह सकता है।
राजस्थान में भी बढ़ेगी ठंड, कोहरे का अलर्ट
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया है। भरतपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में 20 दिसंबर को सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में फिर गिरावट आ सकती है।
सर्दियों में रेड और ऑरेंज अलर्ट का मतलब क्या है, आम लोग कैसे रहें सुरक्षित?
सर्दियों के मौसम में जब भारत मौसम विभाग रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी करता है, तो इसका सीधा मतलब होता है कि मौसम सामान्य नहीं रहने वाला और लोगों की दिनचर्या पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है। ऑरेंज अलर्ट एक तरह की चेतावनी होती है, जिसमें बताया जाता है कि मौसम की स्थिति खतरनाक हो सकती है। जैसे घना कोहरा, शीतलहर या बेहद कम तापमान, जिससे यात्रा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो सकते हैं। इस अलर्ट में सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी जाती है।
वहीं रेड अलर्ट सबसे गंभीर श्रेणी का अलर्ट होता है। इसका मतलब होता है कि मौसम बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है। बहुत घना कोहरा, भीषण ठंड या शीत कोल्ड डे जैसी परिस्थितियों में जान माल का खतरा बढ़ जाता है। इस स्थिति में प्रशासन भी आपात कदम उठा सकता है।
आम नागरिकों के लिए ऐसे समय में सावधानी बेहद जरूरी है। बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें। सुबह और रात के समय यात्रा टालना बेहतर होता है, क्योंकि कोहरे में दृश्यता बेहद कम रहती है। गर्म कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। वाहन चलाते समय धीमी गति रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत में तापमान में हल्का उतार चढ़ाव रहेगा। क्रिसमस के आसपास एक बार फिर ठंड बढ़ने के संकेत हैं। ऐसे में कोहरे और शीतलहर से बचाव के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है, क्योंकि इसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर साफ तौर पर दिखाई देगा।












Click it and Unblock the Notifications