Aaj ka Mausam: लौटते मानसून का कहर, कई राज्यों में रेड अलर्ट, दिल्ली-यूपी में कब होगी बारिश? IMD का बड़ा अपडेट
Aaj ka Mausam (Weather 28 September): मानसून लौटने का समय है, लेकिन इसका असर अभी भी कई राज्यों पर भारी पड़ रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना से लेकर कर्नाटक तक आसमान से आफत बरस रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई जगह रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी कर दिया है। कहीं नदियां उफान पर हैं, तो कहीं स्कूल-कॉलेज तक बंद करने पड़े हैं।
किन राज्यों में रेड अलर्ट?
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि 29 सितंबर तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कोंकण क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

तेलंगाना और कर्नाटक में बाढ़ जैसे हालात
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भारी बारिश के बाद मुसी नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई है। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है और बस सेवाएं तक बंद करनी पड़ी हैं। कर्नाटक के कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
दिल्ली वालों को कब मिलेगी गर्मी से राहत?
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल उमस भरी गर्मी जारी रहेगी। आज यानी रविवार को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन झमाझम बारिश के लिए अक्टूबर के पहले हफ्ते तक इंतजार करना पड़ सकता है। इस दौरान पारा 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 28 से 30 सितंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में अगले 2-3 दिन तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
राजस्थान और उत्तर भारत का हाल
राजस्थान में मानसून विदा हो चुका है, लेकिन बांसवाड़ा, उदयपुर और कोटा जैसे जिलों में अब भी वज्रपात और हल्की बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी इलाकों में मौसम सामान्य रहने वाला है, लेकिन रात का तापमान धीरे-धीरे गिर सकता है।
यूपी, बिहार और झारखंड का मौसम
उत्तर प्रदेश में 3 अक्टूबर तक भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हल्की बूंदाबांदी जरूर हो सकती है, लेकिन उमस और गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि 2-3 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड में भी 2 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी है, खासकर पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में।
महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम?
महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले 2-3 दिन भारी बारिश का अलर्ट है। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के कई हिस्सों में 30 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों के लिए सतर्कता एडवाइजरी जारी की है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने शनिवार को भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए बताया कि इस अवधि में कई जिलों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में तेज बारिश के कारण शहरी बाढ़ (Urban Flooding) की स्थिति बन सकती है।
लौटता मानसून इस बार जाते-जाते भीषण तबाही मचा रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे राज्यों में हालत चिंताजनक हैं, जबकि दिल्ली, यूपी और बिहार में लोग अब भी बरसात का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग का साफ कहना है कि आने वाले 2-3 दिन बेहद अहम रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications