Aaj ka Mausam: दिल्ली से मुंबई और कर्नाटक तक मूसलाधार बारिश का कहर, UP-बिहार समेत कई राज्यों में IMD का अलर्ट
Aaj ka Mausam (Weather Forecast): पिछले कुछ दिनों से देश के कई राज्यों में बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। दिल्ली-NCR, मुंबई और कर्नाटक समेत उत्तर भारत से लेकर पश्चिम भारत तक बारिश ने लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। आइए जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में क्लाउडबर्स्ट और फ्लैश फ्लड्स की स्थिति बन सकती है। पंजाब के 835 गांव अब भी पानी में डूबे हैं, जहां सेना राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। उत्तर, पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

दिल्ली-NCR में बारिश के आसार, ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली-NCR में शनिवार को कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज यानी 30 अगस्त को भी राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज फिर से बारिश दिल्लीवासियों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। IMD ने पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, राजधानी के बाकी हिस्सों में पूरे दिन हल्की फुहारें और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
पिछले दिनों लगातार तेज बारिश के बाद गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) और गाजियाबाद समेत कई जगहों पर ऑरेंज अलर्ट कर दिया गया। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, शाहदरा, सेंट्रल दिल्ली और साउथ दिल्ली फिलहाल ऑरेंज अलर्ट पर हैं।
उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों का हाल
- उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में अगले सात दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
- उत्तराखंड में 30, 31 अगस्त और 1-2 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
- राजस्थान (30-31 अगस्त) और उत्तर प्रदेश (1-2 सितंबर) में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
मुंबई और महाराष्ट्र में बारिश की रफ्तार
मुंबई में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। IMD ने मुंबई के लिए आने वाले दिनों में मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
कोलाबा और सांताक्रुज ऑब्जर्वेटरी में 1-5 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए 2 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। ठाणे और पालघर में भी 30 अगस्त से 2 सितंबर तक मध्यम बारिश जारी रहेगी।
कर्नाटक में रेड अलर्ट, कई जगह छुट्टियां
कर्नाटक के तटीय जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है। उत्तर कन्नड़ जिले के करवार, अंकोला, कुमटा, होन्नावर और भटकल तालुकों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित की गई। दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिले में रेड अलर्ट जारी है। तटीय जिलों में 30 और 31 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट, जबकि 1 से 3 सितंबर तक येलो अलर्ट रहेगा। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
उत्तर प्रदेश में आज फिर बरसेंगे बादल, 17 जिले बाढ़ की चपेट में
उत्तर प्रदेश में आज यानी 30 अगस्त को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
इस बीच, लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से प्रदेश के 17 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इनमें प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, शाहजहांपुर, उन्नाव, मिर्जापुर, गोंडा, मुजफ्फरनगर, बलिया, बहराइच, बदायूं, चंदौली, कानपुर नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कासगंज और लखीमपुर खीरी शामिल हैं।
बिहार में आज फिर भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात का खतरा
मॉनसून की तेज बारिश एक बार फिर बिहार के लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और भागलपुर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
मध्य प्रदेश में बरसेंगे बादल, कई जिलों में अलर्ट
मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कल भी कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें धार, खरगोन, बेतुल, खंडवा, बड़वानी, अलीराजपुर, हर्दा, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा और बुरहानपुर शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications