Aaj ka Mausam: दिल्ली में उमस और मुंबई में भारी बारिश का कहर, कई राज्यों में रेड अलर्ट, पढ़ें वेदर रिपोर्ट
Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega 26 July 2025: भारत मौसम विभाग (IMD) ने 26 जुलाई को देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। बंगाल की खाड़ी से उठे डिप्रेशन (निम्न दबाव क्षेत्र) ने अब पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर रुख कर लिया है, जिससे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और गोवा में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
IMD के मुताबिक आज 26 जुलाई को इन चार राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गोवा भीषण बारिश की संभावना है। डिप्रेशन फिलहाल गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड के आसपास सक्रिय है। डिप्रेशन की गति लगभग 15 किमी प्रति घंटा है और यह पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से उत्तर छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बारिश थमी, पर उमस ने बढ़ाई परेशानी
दिल्ली में 26 जुलाई को बारिश की तीव्रता कुछ कम रहेगी लेकिन गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। IMD मुताबिक दिल्ली में आज दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। हालांकि किसी गंभीर मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हवा की गति 5-15 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों की लगातार बारिश ने तापमान को सामान्य से 1-2 डिग्री कम रखा है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री नीचे बना हुआ है।
मुंबई में भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, रायगढ़ और रत्नागिरी में रेड अलर्ट
भारत मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अगले 24 घंटों में शहर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए अगले दो दिनों के लिए 'रेड अलर्ट' घोषित किया गया है।
मुंबई में आज दिनभर तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मुंबई में आज 89% वर्षा की संभावना है और तापमान 26.1°C से 26.7°C के बीच रहेगा।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने बारिश को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है घर से बाहर न निकलें जब तक बहुत जरूरी न हो, तटीय इलाकों से दूर रहें और गाड़ी सावधानी से चलाएं।
अंधेरी सबवे को भारी जलजमाव के कारण बंद कर दिया गया है और ट्रैफिक को गोकले ब्रिज और ठाकरे ब्रिज की ओर डायवर्ट किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में 100/112/103 नंबर पर कॉल करने की अपील की है।
IMD की सांताक्रूज वेधशाला ने गुरुवार से शुक्रवार सुबह तक 24 मिमी बारिश दर्ज की है, जबकि कोलाबा स्टेशन पर 22 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने भी अरब सागर में 27 जुलाई तक चलने वाली ऊंची लहरों (हाई टाइड) को लेकर चार दिनों के लिए चेतावनी जारी की है।












Click it and Unblock the Notifications