Aaj ka Mausam: दिल्ली-NCR में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट, हिमाचल-उत्तराखंड में तबाही, पढ़ें वेदर रिपोर्ट
Aaj ka Mausam (weather today): देश के कई हिस्सों में भारी मानसूनी बारिश ने तबाही मचा दी है। खासतौर पर पहाड़ी राज्यों में इसका असर ज्यादा दिख रहा है। लगातार हो रही बारिश की वजह से अमरनाथ और केदारनाथ यात्रा स्थगित कर दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में जुलाई महीने में अब तक दिल्ली में 250 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि मासिक औसत 209.7 मिमी से कहीं ज्यादा है।
उत्तर प्रदेश में पांच अगस्त तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को 3 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया है। यात्रा मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे प्रशासन को बालटाल और पहलगाम ट्रैक की मरम्मत करनी पड़ रही है।

वहीं केदारनाथ यात्रा भी तीसरे दिन लगातार रुकी हुई है। भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग बंद हो गए हैं। अब तक 450 से अधिक श्रद्धालुओं को NDRF और SDRF की टीमें जंगल के वैकल्पिक रास्तों से बचाकर सोनप्रयाग लाईं, जबकि 5,000 से ज्यादा यात्री सोनप्रयाग कैंप में ही फंसे हुए हैं।
दिल्ली-NCR में 3 अगस्त तक बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में 3 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों की भविष्यवाणी की है। शनिवार को दिल्ली में बारिश, बादलों के साथ गड़गड़ाहट और तेज हवाएं चल सकती हैं। 2 और 3 अगस्त को भी बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होती रहेगी। इस दौरान तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहेगा।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस रहेगा और न्यूनतम तापमा: 23-25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हवा की गति 10-15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दिशा बदलती रहेगी।
गुरुग्राम के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली में अब तक जुलाई महीने में 250 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत 209.7 मिमी से ज्यादा है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई है (AQI: 59)।
हिमाचल प्रदेश में क्लाउडबर्स्ट और भूस्खलन
हिमाचल प्रदेश के लाहौल घाटी में शुक्रवार को तीन बादल फटने की घटनाएं हुईं। टिंडी के पास पूहरे नाले में बाढ़ आ गई। यांगला घाटी और जिस्पा में भी क्लाउडबर्स्ट हुए, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।
किराटपुर-मनाली हाईवे पर मंडी के पंडोह और बिलासपुर के समलाइतु में भूस्खलन के चलते 9 घंटे तक यातायात बाधित रहा और सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बाढ़ का खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में शनिवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी में गंगा नदी खतरे के निशान को पार कर काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार तक पहुंच गई है। स्थिति यह है कि कुछ गलियों में नावें चल रही हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। शहर की 14 कॉलोनियां और 44 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें, विशेष रूप से सुबह और शाम के व्यस्त घंटों में। बारिश के कारण जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रह सकती है।












Click it and Unblock the Notifications