Aaj ka Mausam: भारी बारिश से कहर, गुरुग्राम में ऑरेंज अलर्ट, दिल्ली से मुंबई तक जानें कैसा रहेगा आज का मौसम
Weather Today (Aaj ka Mausam): भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 12 जुलाई के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। देशभर में बारिश का कहर जारी है। अलग-अलग राज्यों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किए हैं।
दिल्ली में हल्की बारिश का यलो अलर्ट
राजधानी दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने सभी क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 33-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ बिजली चमक सकती है।

गुरुग्राम में लगातार बारिश के बाद ऑरेंज अलर्ट
गुरुग्राम में आज भी बारिश होने के संभावना जताई गई है। गुरुग्राम में 9 जुलाई की शाम से शुरू हुई बारिश अगले दिन सुबह तक जारी रही, जिससे कुल 133 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से संबंधित घटनाओं में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और झज्जर में मध्यम से भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, मेवात, पलवल और यमुनानगर में यलो अलर्ट जारी है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून का प्रकोप, कई सड़कों पर लगा ताला
शिमला के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के मुताबिक कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट और मंडी, हमीरपुर, ऊना व बिलासपुर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 13, 14 और 15 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं 12 और 16 जुलाई को कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के मुताबिक पिछले कुछ दिनों की भारी बारिश और बादल फटने से हिमाचल में 208 सड़कें बंद हो चुकी हैं।
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश का असर
महाराष्ट्र के नागपुर, भंडारा, गोंदिया, गढ़चिरौली, चंद्रपुर और वर्धा में 12 जुलाई को मध्यम से भारी बारिश की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई में अगले 10 दिन नहीं होगी भारी बारिश
जुलाई महीने की शुरुआत से मुंबई में अब तक केवल 168.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि कोलाबा में केवल 95.8 मिमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 10 दिनों तक मुंबई में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, 13 और 14 जुलाई को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में आने वाला है एक और भारी बारिश का दौर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश पहले से ही इस मानसून में सामान्य से अधिक वर्षा प्राप्त कर चुके हैं। पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी ट्रफ के कारण 12 से 16 जुलाई के बीच एक और भारी बारिश की लहर की आशंका है। खासतौर पर 13 और 14 जुलाई को मौसम सबसे ज्यादा बिगड़ सकता है।
इन पहाड़ी राज्यों में जमीन पहले से ही भीगी हुई है, जलाशयों का स्तर भी ऊंचा है और नदियां पहले ही उफान पर हैं। ऐसे में अधिक बारिश से बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएं हो सकती हैं। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications