Aaj ka Mausam: रक्षाबंधन पर दिल्ली-NCR में भारी बारिश, हिमाचल में बाढ़ का कहर, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम?
Aaj ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में रक्षाबंधन की सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया, लेकिन ट्रैफिक जाम और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार (09 अगस्त) को भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की भविष्यवाणी की है।
बारिश की वजह से कई इलाकों में यातायात बाधित हुआ और खासतौर पर नोएडा और दिल्ली में सड़कों पर पानी भर गया। रक्षाबंधन के दिन लोगों को देरी और जाम से जूझना पड़ सकता है। शनिवार के लिए न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली में IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली और मध्य दिल्ली में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और गरज के साथ तूफान की आशंका को देखते हुए यह चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली NCR में 13-14 अगस्त को भी होगी भारी बारिश
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'मॉडरेट' श्रेणी में है। आईएमडी का अनुमान है कि 13 और 14 अगस्त को भी दिल्ली में बारिश होगी, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी। एनसीआर के जिलों-नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद-में भी बादल छाए रहने और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। शनिवार से सुबह से ही नोएडा में भारी बारिश हो रही, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली लेकिन ट्रैफिक पर असर पड़ा।
देश में आज कहां-कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, दिल्ली के कुछ क्षेत्रों, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दक्षिण गुजरात, पूर्वी राजस्थान और लद्दाख में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
हिमाचल में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और तेज बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। आईएमडी ने कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में 10 और 11 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मंडी और बिलासपुर में भी भारी बारिश का खतरा है।
20 जून से अब तक हिमाचल में मानसून से जुड़े हादसों में 202 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 108 मौतें बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुईं, जबकि 94 लोग सड़क हादसों में मारे गए। अगस्त में अब तक हिमाचल में सामान्य से 35% ज्यादा बारिश हुई है।
कैसा रहेगा उत्तर प्रदेश में मौसम?
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश लगातार कहर बरपा रही है। प्रयागराज, वाराणसी, बदायूं, उन्नाव, कानपुर समेत उत्तर से दक्षिण तक करीब 24 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल कम से कम एक हफ्ते तक बारिश से राहत की संभावना नहीं है। इस बीच, बंगाल की खाड़ी में बन रही सक्रियता और उत्तरी ओडिशा में चक्रवाती परिसंचरण के असर से 11 अगस्त से राज्य के कई इलाकों में एक बार फिर भारी बारिश शुरू होने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में हलचल
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के पास चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। मानसून की ट्रफ इस समय पंजाब के फिरोजपुर से लेकर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान और उत्तर ओडिशा पर ऊपरी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जो बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल तट के पास 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर सक्रिय है।












Click it and Unblock the Notifications