Aaj ka Mausam: दिल्ली में बारिश की चेतावनी, कई राज्यों में रेड अलर्ट, कैसा रहेगा देशभर में आज मौसम
Aaj ka Mausam (Weather Alert Today): भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के लिए ताजा मौसम अपडेट जारी किया है। विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो अगले 24 घंटों में और मजबूत हो सकता है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक लगातार भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं पूर्वी भारत के राज्यों छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अत्यधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

🔵 Delhi Rain Alert: दिल्ली में आज को गरज-बरस के साथ बारिश
IMD ने दिल्ली के लिए शनिवार (06 सितंबर) को गरज-बरस के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर IMD ने अगले छह दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। लेकिन बारिश होने को लेकर चेतावनी जरूर दी है। दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। दिल्ली में बारिश के बीच उमस भी बढ़ रही है।
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। दिल्ली में बीते 24 घंटे में कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही। AQI 67 रहा। शून्य से 50 को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम' और उससे अधिक को गंभीर श्रेणियों में रखा जाता है।
यमुना में बाढ़ और गाजियाबाद में राहत कार्य
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में यमुना का जलस्तर बढ़ने से हालात बिगड़े हैं। हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण 55 परिवारों को लोनी उपखंड के बाढ़ प्रभावित बदरपुर गांव से सुरक्षित निकाला गया। एनडीआरएफ की टीम की मदद से यह राहत कार्य हुआ। प्रशासन ने खाने-पीने का इंतजाम किया है और राहत कैंप लगाए हैं, हालांकि कई लोग कैंप में जाने से हिचकिचा रहे हैं।
🔵 UP Weather Update: 10 सितंबर से बदलेगा मौसम का मिजाज, अभी सिर्फ हल्की बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले चार दिनों तक हालात लगभग वैसे ही बने रहेंगे, जैसे अभी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 से 9 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है, लेकिन तेज बारिश की कोई संभावना नहीं है।
हालांकि, 10 और 11 सितंबर को मौसम अचानक करवट ले सकता है। विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यानी फिलहाल जहां-तहां हल्की फुहारें राहत देंगी, वहीं अगले हफ्ते तेज बारिश लोगों की परेशानी भी बढ़ा सकती है। फिलहाल यूपी में मानसून धीमी रफ्तार से सक्रिय है, लेकिन 10 सितंबर के बाद हालात बदल सकते हैं।
🔵 Bihar Weather: बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में फिलहाल गर्मी और सूखे का असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है और आसमान में इक्का-दुक्का सफेद बादल तैरते नजर आ रहे हैं। ज्यादातर जिलों में आज बारिश की संभावना बहुत कम है, हालांकि सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी छिटपुट फुहारें पड़ने के आसार हैं, लेकिन उनकी संभावना बेहद कम है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 8 से 10 सितंबर के बीच मॉनसून दोबारा सक्रिय होगा। इस दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है और तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
🔵 Uttarakhand weather: उत्तराखंड में बदला मौसम का रुख
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अब मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। पिछले दो दिनों से जारी भारी बारिश थमी है, लेकिन उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। वहीं, हरिद्वार और नैनीताल समेत कई इलाकों में हल्की बारिश के बीच उमस बनी रहने के आसार हैं।
पिछले महीने जहां कई जगहों पर रेड अलर्ट जारी हुआ था, वहीं अब मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
🔵 Punjab Weather: पंजाब में बाढ़ का कहर, 37 मौतें, बारिश का अलर्ट जारी
पंजाब में भी लगातार भारी बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। राज्य सरकार के मुताबिक अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,655 गांव प्रभावित हैं। गुरदासपुर जिले में 324 गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा फिरोजपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला और संगरूर जिलों के कई गांव जलमग्न हैं। पंजाब में अभी भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
🔵 गुजरात के कौन-कौन से इलाके प्रभावित होंगे?
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, गुजरात क्षेत्र में 5 और 6 सितंबर को तेज बारिश होगी। वहीं, सौराष्ट्र और कच्छ में 6 और 7 सितंबर को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications