Aaj Ka Mausam: ठंड से कांपा UP-बिहार, दिल्ली में छाया घना कोहरा, उड़ानें प्रभावित, कई राज्यों में होगी बारिश
Aaj Ka Mausam: कोहरे और शीतलहर ने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है, लोगों का घरों बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कड़ाके की ठंड ने कंपकंपी बढ़ा दी है तो वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में बारिश की आशंका है, जिसकी वजह से ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट में कहा गया है कि आने वाले दिनों में आपको भयंकर सर्दी का सामना करना पड़ेगा तो वहीं अगले दो-तीन दिनों तक बिहार, यूपी और उत्तराखंड में बारिश का दौर शुरू होगा जिससे कंपकंपी बढ़ेगी।

Aaj Ka Mausam: दिल्ली मैं कैसा रहेगा मौसम?
घने कोहरे के चलते दिल्ली और नोएडा में दृश्यता बुरी तरह बाधित है , जिसकी वजह से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने एक नई एडवाइजरी जारी की, क्योंकि लगातार दूसरे दिन भी राष्ट्रीय राजधानी घने कोहरे की चादर में लिपटी है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
कोहरे के चलते उड़ानें प्रभावित
Air India ने अपील की है कि 30 दिसंबर को कई हवाई अड्डों पर उसकी उड़ानें निर्धारित समय पर संचालित नहीं हो पाएंगी। एयरलाइन ने दिल्ली, अमृतसर, जम्मू, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, दरभंगा, पटना, गुवाहाटी और बागडोगरा में खराब दृश्यता की स्थिति के चलते उड़ानों में देरी होगी। आज यहां अधिकतम तापमान 21-22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13-14 डिग्री रहने का अनुमान है तो वहीं इसकी आवोहवा आज भी खराब है।

दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों में आज AQI निम्नलिखित है।(सुबह 6 बजे की स्थिति)
- पूसा, दिल्ली - 391 AQI
- शादीपुर, दिल्ली -365 AQI
- पंजाबी बाग, शिवाजी पार्क -379 AQI
- नॉर्थ कैंपस, दिल्ली मिल्क स्कीम कॉलोनी -362 AQI
- एफ मुंडका, दिल्ली -371 AQI

Aaj Ka Mausam: हरियाणा और पंजाब में ठंड का प्रकोप
उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब में ठंड का प्रकोप बना हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों में शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सुबह-शाम घर से निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तो वहीं बिहार में कोल्डवेव अलर्ट जारी है जबकि यूपी का भी यही हाल है।
Aaj Ka Mausam: पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई पर्वतीय मार्गों पर यातायात बाधित है, जबकि पर्यटन स्थलों पर बर्फ देखने के लिए सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है।
Aaj Ka Mausam: दक्षिण भारत का मौसम
दक्षिण भारत में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है। तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि बाकी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सतर्क रहने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications