Aaj Ka Mausam: यूपी-दिल्ली समेत 17 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका, मुंबई में Orange Alert
Aaj Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 जून 2026 को देश के बड़े हिस्से में भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश की आशंका व्यक्त की है। कुछ क्षेत्रों में तो बारिश के दौरान हवा की गति 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, इसलिए मौसम विभाग ने लोगों से अलर्ट रहने को कहा है। उसने आज जिन राज्यों में आंधी -पानी की आशंका को व्यक्त किया है, ये राज्य हैं- उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिल नाडु और केरल ।

कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम?
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में भी 29 जून को भारी बारिश और आंधी की संभावना है। इस दौरान धूलभरी हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट
महाराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज सुबह से यहां के कई जिलों में बारिश हो रही है, जिससे लोगों को आने जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश में जारी रहेगा उमस का सितम
गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, आगरा, सीतापुर, कानपुर और प्रयागराज जैसे क्षेत्रों में आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ में तापमान 38 डिग्री से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी।
बिहार में हो सकती है बारिश
बिहार के पटना, गया, भागलपुर, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण समेत दर्जनों जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ भारी वज्रपात का अलर्ट है। पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने ऐसे विपरित समय में लोगों को खुले मैदानों में न जाने की सलाह दी है।
झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
झारखंड के देवघर, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और हजारीबाग में भी 29 जून से 1 जुलाई के बीच आंधी-बारिश का असर रहेगा। यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे बिजली नेटवर्क बाधित होने की आशंका है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी。
आसमान से आफत बरसेगी
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और त्रिपुरा जैसे राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। स्थानीय प्रशासन ने इन क्षेत्रों में बिजली गिरने और बाढ़ जैसे हालातों को लेकर लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है।
पहाड़ों पर होगी बरसात
हिमालयी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका गहरी हो गई है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में 65 किलोमीटर की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी। उधर हिमाचल के कुल्लू, शिमला और सोलन जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित रहने को कहा गया है।














Click it and Unblock the Notifications