Aaj Ka Mausam: UP-MP में गर्मी का तांडव लेकिन 13 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका, दिल्ली में Orange Alert
Aaj Ka Mausam: कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल किया है, लोगों का घरों से बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो गया है, सूरज की तपिश बढ़ती ही जा रही है तो वहीं भारतीय मौसम विभाग का ताजा अपडेट कहता है कि 21 मई को पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा जबकि पूर्वोत्तर समेत 13 राज्यों में तूफानी बारिश होने की आशंका है इसलिए अलर्ट जारी किया गया है।
IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि 'पूरा उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य भारत लगातार लू की चपेट में है, जिसकी शुरुआत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से हुई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी लू की स्थिति बनी हुई है, आने वाले दिनों में भी लगभग ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।'

'उम्मीद है कि उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य भारत में लू की स्थिति अगले लगभग 7 दिनों तक बनी रहेगी। हिमालयी क्षेत्रों में ये स्थितियां आज और कल तक रह सकती हैं, लेकिन मैदानी इलाकों में इनके जारी रहने की उम्मीद है।'
पंजाब, हरियाणा, UP-MP में 'ऑरेंज अलर्ट'
उन्होंने कहा कि 'हमने अगले तीन दिनों के लिए UP के दक्षिणी हिस्सों और MP के उत्तरी हिस्सों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, हमारा अनुमान है कि तापमान 47 डिग्री से ज़्यादा रह सकता है, कुल मिलाकर, पंजाब, हरियाणा, UP और MP में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी है।'
दिल्ली में 'ऑरेंज अलर्ट'जारी
दिल्ली-एनसीआर में 21 से 26 मई तक भीषण लू का अलर्ट है। इस दौरान दिनभर गर्म हवाएं चलेंगी और आसमान साफ रहेगा। पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, वहीं हवाओं की रफ्तार करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। दिल्ली-NCR के लिए अगले सात दिनों तक के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में सताएगी गर्मी
उत्तर प्रदेश में भी 20 से 26 मई तक लू और भीषण लू का प्रकोप रहेगा। बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हो चुका है, जबकि लखनऊ का पारा 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, नोएडा और बरेली में भी रातें गर्म रहेंगी। लोगों को घर से बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
बिहार में भारी बारिश की आशंका
बिहार में 21 से 26 मई के दौरान राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसमें पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में तेज हवाओं के साथ वर्षा होगी। वहीं, गया में बादलों की आवाजाही के बावजूद गर्म हवाएं चलेंगी।
पूर्वोत्तर भारत में रेन अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आज भी बारिश की आशंका है, जिसके लिए Yellow अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में भी खराब रहेगा मौसम
उत्तराखंड में 21 मई को कई जिलों में हीटवेव का कहर देखने को मिलेगा। हालांकि, 22 और 23 मई को देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़ सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में 21 से 23 मई तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और मंडी में बादल छाए रहेंगे, जहाँ तेज हवाओं के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है।
दक्षिण भारत में भी मौसम रहेगा भीगा-भीगा
नीलगिरी, थेनी, डिंडीगुल और मदुरै में भारी वर्षा होगी। चेन्नई में कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है जबकि कर्नाॉटक के कई जिलों में शाम तक बरसात हो सकती है, जिसके लिए अलर्ट जारी है।
राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी
राजस्थान में 26 मई तक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी है। IMD के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में तापमान सामान्य से काफी ऊपर, लगभग 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और जैसलमेर समेत कई शहरों में अत्यधिक गर्मी पड़ने का अनुमान है।














Click it and Unblock the Notifications