Aaj Ka Mausam:असम-मेघालय समेत 10 राज्यों में भारी बारिश की आशंका,दिल्ली में Yellow Alert,क्या है IMD का अपडेट?
Aaj Ka Mausam: पिछले 3-4 दिनों से देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है, जिसकी वजह से तापमान में कमी आई है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आज भी कई प्रांतों में आंधी-तूफान की आशंका है। आईएमडी ने असम, मेघालय, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है, उसने अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है।
IMD ने रविवार को जम्मू और कश्मीर, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफ़ान आने का अनुमान लगाया है। मौसम एजेंसी ने कहा है कि तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु में आज मौसम गर्म रहेगा।

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, और जम्मू-कश्मीर में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, 4 मई से उत्तर प्रदेश, बिहार समेत उत्तरी राज्यों में धूल भरी आंधी के साथ पानी गिरने, वज्रपात और ओले गिरने का ख़तरा है।
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा? क्या होगी बारिश?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। रविवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा जिससे लोगों को धूप, गर्मी और लू से राहत मिलेगी। आज यहां पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि 40 से 50 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी और आकाशीय बिजली कड़कने के आसार हैं। इस दौरान प्रदूषण के स्तर में भी कमी आएगी और AQI लगभग 150 रह सकता है।
राजस्थान में होगी बारिश, मिलेगी गर्मी से राहत
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के निरंतर प्रभाव से मौसम बदला हुआ है। यहां के कुछ जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक बारिश की वजह से यहां पर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और लोगों को तपन से राहत मिलेगी।
मध्य प्रदेश में रेन अलर्ट
मध्य प्रदेश में आगामी घंटों में मौसम में बदलाव आएगा। IMD भोपाल केंद्र के अनुसार कई ज़िलों में 60 किमी/घंटा की रफ़्तार से आंधी आ सकती है। IMD के पूर्वानुमान मुताबिक, 5 मई तक राजधानी भोपाल, ग्वालियर, दतिया, शाजापुर, सीहोर, दमोह, जबलपुर, कटनी, उमरिया, सिवनी, बालाघाट, मंडला, गुना, विदिशा, सागर, राजगढ़, नरसिंहपुर, और अनूपपुर में तूफानी हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
IMD weather Alert: यूपी में हल्की बारिश के आसार
आज लखनऊ में हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने आज के लिए आगरा,अमेठी, औरैया, आजमगढ़, बागपत, बहराइच, बलिया, बांदा, बाराबंकी और बरेली में रेन अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में रहेगा मौसम खराब, अलर्ट जारी
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 मई तक राज्य का मौसम ख़राब रहेगा। देहरादून, हरिद्वार, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल में ओले गिर सकते हैं, जबकि चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में बर्फबारी देखने को मिल सकती है, इसके लिए अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications