केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, जम्मू-कश्मीर से हटाई गईं अर्धसैनिक बलों की 72 टुकड़ियां
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर से अगस्त में धारा 370 हटाए जाने के बाद अब हालात धीमे-धीमे सामान्य हो रहे हैं। गृह मंत्रालय ने जम्मू और कश्मीर से सुरक्षा घटाने का फैसला लेते हुए अर्धसैनिक बलों की 72 टुकड़ियों को हटाने का फैसला किया है। बता दें कि, कश्मीर से 5 अगस्त से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद हालात को नियंत्रण में रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय की उच्चस्तरीय बैठक में इसका निर्णय लिया गया।

गृह मंत्रालय की मंगलवार को हुई हाई लेवल मीटिंग में यह फैसला लिया गया कि, आरपीएफ की 24, बीएसएफ की 12, सीआईएसएफ की 12, आईटीबीपी की 12 और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12 कंपनियों को नए घोषित केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से निकाला जाएगा। हर कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं। यानी, 7 हजार से ज्यादा अर्धसैनिक बल जम्मू-कश्मीर से निकल जाएंगे।
इस हाई लेवल मीटिंग में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केन्द्रीय गृह सचिव अजय के भल्ला, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल जी सी मुर्मू, केंद्रशासित प्रदेश पर गृह मंत्रालय में वरिष्ठ सुरक्षा सलाहकार के विजय कुमार अन्य अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के विकास मामलों और सुरक्षा स्थिति पर चर्चा हुई। गृह मंत्रालय की ओर से यह आदेश 23 दिसंबर को ही जारी किया गया था। केंद्र सरकार का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इससे पहले 18 नवंबर को श्रीनगर और बनिहाल के बीच ट्रेन सेवा शुरू की गई। अनुच्छेद 370 और 35A को हटाए जाने के बाद यानी 5 अगस्त से इस ट्रेन सेवा को रोक दिया गया था। इसके 104 दिनों बाद फिर से ट्रेन सेवा को शुरू करने का फैसला किया गया। कश्मीर में तीन महीने से रेल सेवा बंद रही थी। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद संभावित खतरों को देखते हुए रेल सेवा बंद कर दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications