Kedarnath Helicopter Crash में 7 की मौत, मई-जून 2025 की बड़ी विमान दुर्घटनाओं की टाइमलाइन पर एक नजर
Kedarnath Helicopter Crash: अहमदाबाद प्लेन क्रैश की घटना से पूरा देश अभी तक उभरा भी नहीं था कि रविवार, 15 जून की सुबह उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के पास एक और दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। यह हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था और इसमें सवार पायलट समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महाराष्ट्र का 2 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ जब हेलिकॉप्टर केदारनाथ मंदिर से गौरीकुंड की ओर लौट रहा था। घटना के तुरंत बाद पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
हादसे की वजह: खराब मौसम
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का कारण खराब मौसम और कम दृश्यता बताया गया है। रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि "गौरीकुंड के जंगलों में दृश्यता बेहद कम थी, जिसकी वजह से हेलिकॉप्टर पेड़ों से टकरा गया।"
देश में लगातार हो रहे हवाई हादसों पर एक नजर..
7 जून: रुद्रप्रयाग में हेलिकॉप्टर की सड़क पर आपात लैंडिंग
रुद्रप्रयाग में एक अन्य हेलिकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। लैंडिंग के दौरान हेलिकॉप्टर का पीछे का हिस्सा एक कार पर गिर गया, जिससे वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही हेलिकॉप्टर के पंखे से हाईवे किनारे बनी एक दुकान की टीन शेड भी उड़ गई, जिससे वहां बैठे लोगों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा।
8 मई: उत्तरकाशी के गंगनानी में हेलिकॉप्टर क्रैश, 6 की मौत
उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में भागीरथी नदी के पास एक बेल VT-QXF हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। यह हेलिकॉप्टर गंगोत्री धाम की ओर जा रहा था। इस हादसे में पायलट रॉबिन समेत 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें बरेली की रहने वाली मां-बेटी भी शामिल थीं। हेलिकॉप्टर का संचालन गुजरात की एरोटांस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जा रहा था।
17 मई: केदारनाथ में एयर एंबुलेंस दुर्घटना, तीनों सवार सुरक्षित
एक एयर एंबुलेंस हेलिकॉप्टर जो ऋषिकेश एम्स से मरीज को लाने के लिए केदारनाथ आया था, लैंडिंग के दौरान बेकाबू होकर ज़मीन पर गिर गया। हादसे में हेलिकॉप्टर की टेल फिन (tail vane) टूट गई थी। सौभाग्य से, पायलट, डॉक्टर और नर्स तीनों सुरक्षित बच गए।
12 जून: अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान हादसा, 270 लोगों की मौत
गुजरात के अहमदाबाद में एक एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इस भीषण हादसे में 241 यात्रियों की मौत हो गई। प्लेन
- 169 भारतीय,
- 52 ब्रिटिश,
- 7 पुर्तगाली, और
- 1 कनाडाई नागरिक सवार थे।
विमान एक हॉस्टल बिल्डिंग से टकरा गया, जहां से 29 और शव बरामद किए गए, जिससे कुल मृतकों की संख्या 270 हो गई। यह भारत के विमानन इतिहास की सबसे भयानक घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों की आपात लैंडिंग
13 जून: पठानकोट में वायुसेना के M17 अपाचे हेलिकॉप्टर की लैंडिंग
पंजाब के पठानकोट जिले के नंगलपुर इलाके में वायुसेना के एक अपाचे हेलिकॉप्टर की तकनीकी खराबी के चलते आपात लैंडिंग करनी पड़ी। हेलिकॉप्टर ने पठानकोट एयरबेस से उड़ान भरी थी और किसी तरह की क्षति की सूचना नहीं है। हेलिकॉप्टर को उतरता देख ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिन्हें सुरक्षा बलों ने मौके से हटा दिया।
6 जून: सहारनपुर, उत्तर प्रदेश में आपात लैंडिंग
सहारनपुर में भारतीय वायुसेना के एक Apache अटैक हेलिकॉप्टर को एक रूटीन प्रशिक्षण उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने पर खुले मैदान में सुरक्षित आपात लैंडिंग करनी पड़ी। हेलिकॉप्टर के दोनों पायलट सुरक्षित रहे और हेलिकॉप्टर को बाद में सहारनपुर एयरबेस पर लौटा लिया गया।
बढ़ती घटनाएं, बढ़ती चिंताएं
उत्तराखंड और अन्य राज्यों में लगातार हो रही हेलिकॉप्टर दुर्घटनाएं और विमान हादसे यह सवाल खड़े करते हैं कि क्या देश की एविएशन सुरक्षा प्रणाली पर्याप्त है? विशेषकर उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक और मौसम प्रभावित क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर सेवाएं बहुत संवेदनशील हैं, ऐसे में जरूरी है कि तकनीकी जांच, मौसम पूर्वानुमान और उड़ान से पहले की सुरक्षा प्रक्रियाएं और अधिक सख्ती से लागू की जाएं।












Click it and Unblock the Notifications