कोरोना वायरस से मुंबई पुलिस में पहली मौत, वकोला पुलिस स्टेशन में तैनात हेड कॉन्स्टेबल की गई जान
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोविड-19 के संक्रमण से पुलिस विभाग में पहली मौत का मामला सामने आया है। पुलिस कांस्टेबल चंद्रकांत पेंडुरकर की मौत कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से हुई है। उनकी उम्र 57 वर्ष थी। मुंबई पुलिस के अनुसार चंद्रकांत पेंडुरकर वकोला पुलिस स्टेशन में तैनात था और मुंबई के वर्ली इलाके में रहता था। आपको बता दें कि वकोला कोरोना संक्रमण से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में से एक है। मृत पुलिसकर्मी के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

पुलिस की तरफ से यह भी बताया गया कि इस महामारी से राज्य में अबतक 15 अधिकारियों समेत कुल 96 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं। जिनका राज्य के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य और पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने के लगातार केस सामने आ रहे हैं। फ्रंटफुट पर काम कर रहे पुलिस के जवान कोरोना संक्रमण की चपेट में आसानी से आ जा रहे हैं। महाराष्ट्र पुलिस के जवान कोरोना वायरस से अन्य राज्यों की तुलना में सबसे ज्यादा संक्रमित हैं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस से संक्रमित ये सभी पुलिस वाले देश में 21 दिनों तक के लिए घोषित लॉकडाउन के चलते दिन रात काम कर रहे हैं। ऐसे में जहां राज्य की जनता इस महामारी की चपेट में आ रही हैं। वहीं मुंबई समेत महाराष्ट्र के पुलिस वाले भी कोरोना वायरस के चपेट में आ रहे हैं। खबरों की माने तो इस महामारी से सबसे ज्याद मुंबई में तैनात पुलिस वाले संक्रमित हुए हैं। क्योंकि महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में मुंबई सबसे ज्यादा संक्रमित हैं।
महाराष्ट्र में 6,817 लोग कोरोना संक्रमित
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,817 हो गई है. 957 लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। राज्य में 301 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत के आंकड़े भी महाराष्ट्र में ही सबसे ज्यादा हैं. लॉकडाउन और सीलिंग के बाद भी महाराष्ट्र में संक्रमण के केस कम नहीं हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications