Aaj Ka Mausam: दिल्ली सहित उत्तर भारत में सर्दी-कोहरे का 'सितम', विजिबिलिटी जीरो, जानें कब तक रहेंगे ऐसे हालात
Winter Fog Weather News: राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में सर्दी और कोहरे का डबल अटैक जारी है। आज (28 दिसंबर) तीसरे दिन लोगों को भारी कोहरे का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते विजिबिलिटी बिल्कुल जीरो हो गई है। सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे हैं।
धुंध का असर देर रात से ही दिखने लग गया था। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद मैदानी क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ गई है। दिल्ली सहित जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक घने कोहरे की चादर बिछी हुई साफ नजर आ रही है।

जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित
दिल्ली-NCR समेत पूरा उत्तर भारत घने कोहरे की आगोश में हैं। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। सर्द हवाओं और कोहरे की मार से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है।
रात 8 बजे से छाया कोहरा
उत्तर भारत के कई हिस्सों में बुधवार को दिनभर कोहरा छाया रहा, जबकि रात 8 बजे बाद दिल्ली-NCR का इलाके कोहरे की मोटी चादर में लिपटा हुआ नजर आया। जिसके चलते दृश्यता (विजिबिलिटी) ना के बराबर रह गई। नोएडा में भी कुछ ऐसे ही हालात देखने को मिले।
फ्लाइट डायवर्ट, ट्रेनें प्रभावित
इधर, कोहरे और सर्दी का असर स्कूलों की टाइमिंग से लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली फ्लाइट पर भी हुआ है। यूपी के कुछ जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी होने के चलते फ्लाइट्स भी प्रभावित हुईं। इसी के साथ कोहरे के चलते ट्रेनें भी लेट हो रही हैं।
यूपी के इन जिलों में बदली स्कूल टाइमिंग
राष्ट्रीय राजधानी के आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ गाजियाबाद प्रशासन ने स्कूलों का समय बदल दिया है। ठंड के चलते 1 से 8वीं तक के स्कूल सुबह 10 बजे खुलेंगे। अलीगढ़ में 2 दिन के लिए स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मथुरा में भी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है। वहीं जालौन में कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे।
कोहरे पर मौसम विभाग का अपडेट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को रात और सुबह दिल्ली में "घना से बहुत घना" कोहरा छाए रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति और खराब होने की संभावना है, आईएमडी ने गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 21 और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की भविष्यवाणी की है।












Click it and Unblock the Notifications