दिल्ली: BSF के 25 जवान निकले कोरोना पॉजिटिव, जामा मस्जिद इलाके में थे तैनात
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच गई है। जिसमें से 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी दिल्ली कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है, जहां अब तक 4200 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। अब सुरक्षाबल के जवान भी कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। रविवार को दिल्ली में तैनात 25 और बीएसएफ जवानों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टरों की विशेष टीम उनका इलाज कर रही है।

बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक 126 बटालियन के जवान दिल्ली पुलिस के साथ जामा मस्जिद इलाके में तैनात थे। इस दौरान जवानों की कोरोना जांच करवाई गई, जिसमें से 25 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही बीएसएफ में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 42 हो गई है। जिसमें 126 बटालियन के 31 जवान शामिल हैं। संक्रमित जवानों के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। वहीं बीएसएफ कैंप को भी सैनिटाइज किया गया है। आपको बता दें कि राजधानी दिल्ली में वायरस से संक्रमण के कुल केस बढ़कर 4122 हो गए हैं। जिसमें से 64 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1256 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
CRPF के कई अधिकारी किए गए क्वारंटाइन
वहीं दूसरी ओर राजधानी दिल्ली स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की बिल्डिंग में एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिला है। पॉजिटिव मामले के बाद सीआरपीएफ मुख्यालय को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और पूरी बिल्डिंग को सैनिटाइज किया जाएगा। वहीं इस बिल्डिंग में किसी भी व्यक्ति को जाने की इजाजत नहीं है। सीआरपीएफ के कुल 40 अधिकारियों और कर्मचारियों सहित एक विशेष महानिदेशक रैंक के अधिकारी, उप महानिरीक्षक को भी होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। सीआरपीएफ और स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित स्टाफ के संपर्क में आने वालों का पता लगाने में जुट गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications