दिल्ली में 16 साल बाद 16 दिसंबर को पड़ी हाड़ कंपाने वाली सर्दी, अभी और लुढ़केगा पारा
नई दिल्ली। पूरे देश में ठंड ने दस्तक दे दी है, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का दौर जारी है, आपको जानकर हैरत होगी कि दिल्ली में पूरे 16 साल बाद हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ी है, सोमवार को यानी कि 16 दिसंबर को दिल्ली के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और यहां तापमान 12.9 डिग्री पर अटक गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम दर्ज हुआ।

आने वाले दिनों में भी लुढकेगा पारा
बतातें चलें कि 16 साल पहले 2003 में भी राजधानी का तापमान 12.6 डिग्री दर्ज हुआ है। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर महज 2.7 डिग्री का रहा। राजधानी में इस वक्त शीत लहर का भी प्रकोप है, राजधानी समेत पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान में घने कोहरे की शुरुआत भी अब हो गई है। दिल्ली और एनसीआर में भी मध्यम कोहरा छाया रहा और आने वाले दिनों में भी ये ही रवैया बना रहेगा, कहने का मतलब यही है कि कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है।

ठंड और ठिठुरन का दौर जारी
गौरतलब है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते दिल्ली तक पहुंच रही बर्फीली हवा के कारण ठंड और ठिठुरन का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी दिनों में ठंड और भी बढ़ेगी। इस दौरान सुबह-शाम कोहरा भी छाने की संभावना है।

अब सताएगी सर्दी
साथ ही पहाड़ों की ओर से आने वाली उत्तर पश्चिमी हवाएं ठिठुरन बढ़ाने का काम करेंगी, दिल्ली में अब तेजी से तापमान गिर सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार है।












Click it and Unblock the Notifications