कोटा में बच्चों की मौत: मायावती ने गहलोत सरकार को बताया असंवेदनशील, प्रियंका से पूछा- क्यों चुप हैं?
नई दिल्ली। राजस्थान के कोटा स्थित जेके लोन अस्पताल में बच्चों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक माह में बच्चों की मौतों का आंकड़ा 77 से बढ़कर 100 हो गया है। पिछले दो दिनों में 9 और शिशुओं की मौत हुई है, इसके साथ ही इस अस्पताल में मरने वाले बच्चों की संख्या 100 तक पहुंच गई है। वहीं, कोटा में बच्चों की मौत के मामले पर बीजेपी के बाद अब बसपा प्रमुख मायावती ने भी सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है।

सीएम गहलोत और उनकी सरकार उदासीन- मायावती
कोटा में बच्चों की मौत के मामले पर बसपा प्रमुख मायावती ने सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा, 'कांग्रेस शासित राजस्थान के कोटा जिले में हाल ही में लगभग 100 मासूम बच्चों की मौत से माताओं की गोद उजड़ना अति-दुःखद व दर्दनाक। तो भी वहां के सीएम गहलोत स्वयं व उनकी सरकार इसके प्रति अभी भी उदासीन, असंवेदनशील व गैर-जिम्मेदार बने हुए हैं, जो अति-निन्दनीय है।'
प्रियंका गांधी का चुप्पी साधे रखना दु:खद- मायावती
वहीं, बसपा प्रमुख ने प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा और कहा, 'उससे भी ज्यादा अति दुःखद है कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व व खासकर महिला महासचिव की इस मामले में चुप्पी साधे रखना। अच्छा होता कि वह यू.पी. की तरह उन गरीब पीड़ित माताओं से भी जाकर मिलतीं, जिनकी गोद केवल उनकी पार्टी की सरकार की लापरवाही आदि के कारण उजड़ गई हैं।'

कोटा में 100 बच्चों की हो चुकी है मौत
मायावती ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि यदि कांग्रेस की महिला राष्ट्रीय महासचिव राजस्थान के कोटा में जाकर मृतक बच्चों की 'माताओं से नहीं मिलती हैं तो यहां अभी तक किसी भी मामले में यू.पी. पीड़ितों के परिवार से मिलना केवल इनका यह राजनैतिक स्वार्थ व कोरी नाटकबाजी ही मानी जायेगी, जिससे यू.पी. की जनता को सर्तक रहना है।' बता दें कि कोटा में बच्चों की मौत को लेकर सीएम अशोक गहलोत के बयान पर भी बवाल मचा था जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदेश में हर अस्पताल में तीन, चार, पांच, सात मौतें होती हैं। उन्होंने कहा था कि प्रतिदिन बच्चों की मौत होती है, कोई नई बात नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा था कि 2019 में 900 बच्चों की मौत हुई हैं। जबकि पहले यह आंकड़ा सालभर में 1500 तक भी पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications