ओम बिड़ला निर्विरोध बन सकते हैं लोकसभा स्पीकर, 10 पार्टियों का मिला समर्थन
नई दिल्ली- राजस्थान के कोटा-बूंदी लोकसभा से भाजपा सांसद ओम बिड़ला का 17वीं लोकसभा का स्पीकर बनना लगभग तय है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उनकी उम्मीदवारी की पुष्टि कर दी है और इस संबंध में कांग्रेस से बात करने की भी जानकारी दी है। इससे माना जा रहा है कि वो निर्विरोध लोकसभा के स्पीकर के तौर पर चुने जा सकते हैं।
ओम बिड़ला की उम्मीदवारी पर मुहर
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ओम बिड़ला के लोकसभा स्पीकर की उम्मीदवारी पर कहा है कि 'प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, परिवहन मंत्री ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा है।' जबकि, कई एनडीए और बाकी दलों ने उस प्रस्ताव के समर्थन में हस्ताक्षर कर दिए हैं। जोशी ने बताया है कि, "हमने कांग्रेस से भी बात की है, हालांकि अभी तक उन्होंने प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, लेकिन उसका विरोध नहीं करेंगे, मैं गुलाम नबी आजाद से मिल चुका हूं।"

10 पार्टियों ने किया ओम बिड़ला के नाम का समर्थन
अभी तक 10 एनडीए और दूसरे दलों ने ओम बिड़ला को लोकसभा का स्पीकर बनाए जाने के प्रस्ताव समर्थन कर दिया है। इनमें नेशनल पीपुल्स पार्टी, मिजो नेशनल फ्रंट, लोक जनशक्ति पार्टी, वाईआरएसपी, जेडीयू, एआईएडीएमके, अपना दल और बीजेडी जैसी पार्टियां भी शामिल हैं। इससे पहले ओडिशा की सत्ताधारी बीजू जनता दल ने ओम बिड़ला की उम्मीदवारी के समर्थन में एक प्रस्ताव पारित किया था।

बीजेपी का विश्वास बढ़ना तय
जिस तरह से लोकसभा स्पीकर के तौर पर ओम बिड़ला के नाम का बीजेडी और वाईआरएसपी ने खुलकर समर्थन किया है, उससे बीजेपी का हौसला बढ़ना तय है। ये दोनों दल एनडीए में शामिल नहीं हैं। इसलिए माना जा सकता है कि कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों पर जिसमें मोदी सरकार को दो-तिहाई बहुमत की दरकार होगी, उसमें ये दल भी उसका साथ दे सकते हैं। वैसे इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि ओम बिड़ला के पक्ष में बढ़ते हुए समर्थन को देखकर सभी पार्टियां उनके निर्विरोध जीत का रास्ता तय कर दें। जानकारी के मुताबिक ओम बिड़ला को बीजेपी अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह का बेहद करीबी माना जाता है। वह बीजेपी युवा मोर्चा में भी रहे हैं और उन्होंने राजस्थान में पार्टी के पुनर्गठन का काम किया था। एनडीटीवी के मुताबिक ओम बिड़ला की पत्नी अमिता बिड़ला ने कहा है कि, 'यह हमारे लिए बहुत खुशी और गर्व का पल है। हम कैबिनेट के आभारी हैं कि उन्होंने ओम बिड़ला को चुना।'












Click it and Unblock the Notifications