Covid 19: दिल्ली में 10 महीने का बच्चा निकला कोरोना पॉजिटिव, इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसकी चपेट में अब स्वास्थ्य कर्मी भी आना शुरू हो गए हैं। वहीं लेडी हार्डिंग अस्पताल में 10 लोगों की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। रिपोर्ट आते है सभी को कोविड-19 वार्ड में शिफ्ट किया गया। वहीं अस्पताल को सैनिटाइज करने का काम चल रहा है। राजधानी में अब तक करीब 1900 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 43 लोगों की मौत हुई है।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक एक शख्स अपने 10 महीने के बच्चे को लेकर लेडी हार्डिंग अस्पताल आया था। उसे सांस संबंधित बीमारी थी। जिसके बाद उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। वहीं अब बच्चे और उसके पिता की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्चे की मां का भी टेस्ट किया गया है, लेकिन उसकी रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं दूसरी ओर अस्पताल के ही दो डॉक्टर और छह नर्सों की भी जांच की गई। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही आईसीयू और अस्पताल को सैनिटाइज करने का काम चल रहा है।
कई अस्पतालों के डॉक्टर पॉजिटिव
वहीं दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में भी डॉक्टर और दो नर्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दो डॉक्टर पॉजिटिव पाए गए हैं। इन डॉक्टरों ने एक महिला का इलाज किया था, जिसकी रिपोर्ट बाद में पॉजिटिव आई थी। वहीं इनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: कोरोना संकट के बीच दुबई में फंसी संजय दत्त की फैमिली, कहा- जेल की याद दिला रहे हैं ये दिन
भारत में 12,974 एक्टिव केस
दुनियाभर में वैश्विक महामारी से संक्रमित लोगों की संख्या 22 लाख के पार जा चुकी है। वहीं, 1.50 लाख से अधिक लोगों की जानें गई हैं। दुनिया के 200 से ज्यादा देश मिलकर कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप गहराता जा रहा है, आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देशभर से अबतक 15,712 मामले सामने आए हैं। जिसमें 507 मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में कोरोना के 12,974 एक्टिव केस हैं जबकि 2230 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications