तेलंगाना में सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल जल्द होगा तैयार, स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति होगी : KTR
तेलंगाना का सबसे बड़ा सरकारी मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल वारंगल में बन रहा है। साइट की तस्वीरें शेयर कर प्रदेश सरकार में मंत्री केटीआर ने कहा, हेल्थ सेक्टर में बदलाव के लिए राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है।

Telangana Largest Govt Hospital की सौगात देने की तैयारियों में जुटा है। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की सरकार में मंत्री केटी रामाराव ने ट्वीट कर वारंगल में निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल की फोटो शेयर की और कहा कि तेलंगाना में स्वास्थ्य के क्षेत्र में मौन क्रांति हो रही है। गरीबों को बेहतर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य संरचना मुहैया कराने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने वारंगल के अलावा दूसरे जिलों की तस्वीरें भी शेयर की हैं।
आईटी और उद्योग मंत्री के टी रामाराव ने कहा, वारंगल शहर में 2,000 से अधिक बिस्तरों वाले तेलंगाना के सबसे बड़े सरकारी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण हो रहा है। 24 मंजिला अस्पताल मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव का विजन है। निर्माण तेज गति से चल रहा है।"
मंत्री ने कहा कि पूरी परियोजना राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित है। केंद्र सरकार से कोई वित्तीय सहायता नहीं ली गई है। बकौल KTR "इससे पहले कि कुछ भाजपा ट्रोल मूर्खतापूर्ण दावे करना शुरू करें, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इस अस्पताल में भारत सरकार का योगदान शून्य है।"
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण के बाद उत्तर तेलंगाना में लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा मिलेगी। अस्पताल वारंगल में हेल्थ सिटी परियोजना का हिस्सा है। 1,200 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे इस अस्पताल का निर्माण 56 एकड़ के परिसर में हो रहा है। अस्पताल 24 मंजिला होगा, जिसे पुरानी सेंट्रल जेल परिसर में विकसित किया जा रहा है।
Recommended Video

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, अग्नि सुरक्षा और जेल विभागों ने पहले ही परियोजना के लिए मंजूरी जारी कर दी है। 24 मंजिलों में से 16 मंजिलों का उपयोग अस्पताल सेवाओं के लिए किया जाएगा और बाकी का उपयोग शैक्षणिक और अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव और सड़क एवं भवन मंत्री वी प्रशांत रेड्डी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। निर्माण कार्यों के अनुरूप डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टाफ की भर्ती के लिए भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने 21 जून, 2021 को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की नींव रखी थी।












Click it and Unblock the Notifications