हर बच्चा मुसलमान पैदा होता है, इस्लाम को अपनाकर घर वापसी करिये-ओवैसी
हैदराबाद। हिंदू धर्म जागरण और कई कई कट्टरवादी संगठनों के घर वापसी कार्यक्रम पर उठा विवाद अभी थमा भी नहीं था कि मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि इस्लाम सभी धर्मो का वास्तविक घर है और जब सभी धर्मो के लोग इसे अपनाएंगे, तब यह वास्तविक 'घर वापसी' होगी।

हर बच्चा मुसलमान पैदा होता है
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि सभी बच्चे मुस्लिम पैदा होते हैं, लेकिन माता-पिता उसे अन्य धर्म में बदल देते हैं। उन्होंने मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शनिवार को एक आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब अन्य धर्मो के लोग इस्लाम अपनाएंगे तब वह वास्तविक घर वापसी होगी।
ओवैसी ने कहा कि संघ परिवार घर वापसी के नाम पर एक अभियान चला रहा है। उन्होंने एमआईएम के मुख्यालय दारुस्सलाम में कहा कि मुसलमानों को पांच लाख रुपये और ईसाइयों को दो लाख रुपये का लालच दिया जा रहा है। सिर्फ पांच लाख रुपये? क्या मजाक है। अगर आप विश्व की सारी संपत्ति भी दे दें तो मुसलमान इस्लाम नहीं छोड़ सकते।
इस्लाम अपनाकर घर वापसी करिये
मुस्लिम नेता ने सभी धर्मो के लोगों को इस्लाम अपनाने का न्योता दिया, लेकिन यह भी साफ किया कि इसे लेकर कोई दबाव नहीं है। उन्होंने कहा कि आप वापस आइए। हम आपको पैसा नहीं दे सकते, लेकिन आपको दुनिया में और इसके बाद सफलता की गारंटी देते हैं। ओवैसी ने कहा कि भारत हमारा पित्र देश है। उन्होंने कहा कि पूरी मानव जाति के पिता आदम भारत में ही अवतरित हुए थे। उन्होंने घर वापसी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर उनकी आलोचना की।
घर वापसी के नाम पर भाजपा जरूरी मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रही है
ओवैसी ने कहा कि आपने एक बार भी सोचा कि देश के साथ क्या होगा। विदेशी मुद्रा भारत कैसे आएगी। आपने घोषणा की कि आप 100 अरब डॉलर ले आएंगे। क्या ऐसे प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आएगा। वहीं ओवैसी ने इस्लाम को आतंकवाद से जोड़े जाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को सिर्फ इस्लाम की शिक्षा से ही धरती से मिटाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस्लाम आतंकवाद और दबाव को दूर करने आया है। अल्लाह ने पैगंबर मोहम्मद को रहमत-उल-लिल अलामीन बना कर भेजा है। जकीउर रहमान लखवी और हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए औवैसी ने कहा कि देश के दुश्मन इस्लाम के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि एमआईएम का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ राजनीति मतभेद है, लेकिन वह देश के दुश्मनों के खिलाफ उठाए गए कदम पर इसका समर्थन करेंगे और इस विषय पर संसद में अपना पक्ष साफ कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications