महज 3 घंटे की बारिश में पानी-पानी हुआ ये शहर, रेस्टोरेंट-होटल सब बने तालाब, देखिए Video
हैदराबाद, अक्टूबर 09। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बीती रात हुई बारिश ने कई इलाकों में तबाही मचा दी है। अधिकतर इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जानकारी के मुताबिक, बीती रात हैदराबाद में रात 8:30 से 11 बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान 10-12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई निचले इलाकों में कई जगहों पर बारिश का पानी घरों में घुस गया है। अधिकारियों ने बताया कि निचले इलाकों में पानी के तेज बहाव में दो लोगों के लापता होने की खबर है।

होटल और रेस्टोरेंट के अंदर भी घुसा पानी
2-3 घंटे की बारिश ने हैदराबाद में जो तबाही मचाई है, उसे बयां करने वाले कई वीडियो अभी तक सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं। न्यूज एजेंसी ANI के द्वारा जारी किए गए कुछ वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह होटल और रेस्टोरेंट के अंदर भी पानी घुस गया है। ओल्ड सिटी के एक रेस्टोरेंट में इतना पानी घुस गया कि जो लोग अंदर बैठे थे, उन्हें अपने पैर उपर कर खाना खाना पड़ रहा है। कई दुकानों के अंदर भी पानी घुस गया।

लापता दो लोगों की तलाश जारी
मूसलाधार बारिश के कारण वनस्थलीपुरम और कुकटपल्ली इलाके में नाले ओवरफ्लो हो गए हैं। शहर के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। लोगों को सड़क पार करने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस बीच बारिश की वजह से आठ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एसीपी के पुरुषोत्तम ने कहा, "भारी बारिश के कारण नाले में पानी भर जाने से दो लोग बह गए हैं। बचाव दल उनकी तलाश कर रहा है।"

अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना
ANI के एक वीडियो में तो नाले में फंसी मोटरसाइकिल एवं पिकअप ट्रक बहते दिख रहे हैं। हैदराबाद के लोगों के लिए चिंता वाली बात ये है कि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के अंदर हैदराबाद समेत तेलंगाना के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है।
ये भी पढ़ें: Monsoon की वापसी बनी पहेली, कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका, केरल में Red Alert












Click it and Unblock the Notifications