जेपी नड्डा की रैली में नहीं शामिल हुए BJP नेता एटाला राजेंदर और राजगोपाल रेड्डी
हैदराबाद के नागरकुर्नूल में जेपी नड्डा की रैली में बीजेपी नेता एटाला राजेंदर और राजगोपाल रेड्डी शामिल नहीं हुए।
हैदराबाद में बीजेपी हुजूराबाद विधायक एटाला राजेंदर और पूर्व विधायक कोमटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी नागरकुर्नूल में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा में अनुपस्थित रहे। इसके बाद से उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
राजनीतिक गलियारों में खबर चल रही थी कि दोनों नेताओं ने बीजेपी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का मन बना लिया है। इन अटकलों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और नड्डा ने एटाला राजेंदर और कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी को शनिवार को दिल्ली बुलाया।

दोनों नेताओं के साथ गृहमंत्री शाह और नड्डा की एक घंटे चली बैठक के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि वे इस मीटिंग के बाद संतुष्ट हैं। साथ ही दोनों ने पार्टी छोड़ने की बात से इंकार किया।
इस घोषणा के महज 24 घंटे बाद ही दोनों नेता बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सार्वजनिक बैठक में शामिल नहीं हुए। ये बैठक हैदराबाद में राज्य के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई थी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से लौटने के बाद से ये दोनों पार्टी के किसी भी नेता के साथ संपर्क में नहीं थे। दोनों ये जानने के लिए दिल्ली गए थे कि पार्टी आलाकमान उन्हें अपनी पार्टी छोड़ने की अटकलों को लेकर क्या पेशकश करने वाले हैं। हालांकि वो पार्टी की पेशकश से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं, जिस कारण वो पार्टी से दूरी बनाए हुए हैं।
बता दें कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नागरकुर्नूल जनसभा में विपक्ष पर जमकर हमला बोला, उन्होंने कहा कि कांग्रेस मोदी को कभी मौत का सौदागर तो कभी सांप, छछूंदर और चाय बेचने वाला बोलती है, लेकिन देश की जनता पीएम मोदी का बहुत सम्मान करती है। देश की जनता ये चाहती हैं कि नरेंद्र मोदी एक बार फिर से देश के पीएम बनें। इसके साथ ही जेपी नड्डा ने तेलंगाना सीएम केसीआर पर भी जमकर हमला बोला और कहा उन्होंने राज्य को बर्बाद कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications