Shimla Shiv Mandir Landside: 7 महीने की गर्भवती प्रोफेसर की दर्दनाक मौत, बेटी को मोबाइल पकड़ाकर गई थी मंदिर
Shimla Shiv Mandir Landside: शिमला में इस वक्त भारी बारिश ने रौद्र रूप धारण किया हुआ है। मानसूनी बारिश के कारण सोमवार को यहां के समरहिल में भारी भूस्खलन हुआ जिसके कारण 'शिव बावड़ी मंदिर' पूरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिसमें कि काफी लोग दब गए। रेस्क्यू ऑप्रेशन लगातार जारी है, जिसमें अभी तक 13 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

इन शवों में कुछ की हालत काफी खराब है को वहीं कुछ के तो अंग-भंग हो गए हैं। इन 13 शवों में से एक शव हिमाचल विवि की प्रोफेसर मानसी वर्मा का है, जो कि सोमवार को मंदिर में सावन के मौके पर अपने पति हरिश वर्मा के साथ खीर चढ़ाने गई थीं।
मानसी वर्मा 7 माह की गर्भवती थीं
आपको बता दें कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि मानसी 7 माह की गर्भवती थीं, उनके मौत की पुष्टि शिमला में भाजपा नेता और वकील शीतल शर्मा व्यास ने की है। जिन्होंने इस दर्दनाक घटना की जानकारी देते हुए ये भी बताया कि 'मानसी वर्मा घर पर अपनी 14 साल की बेटी को अपना मोबाइल पकड़ाकर ये बोल कर गई थीं कि वो और उसके पापा जल्द ही मंदिर से पूजा करके आ जाएंगे और अगर तुम्हें कुछ जरूरत पड़ती है तो तुम पापा के मोबाइल पर कॉल कर लेना।'
'कभी भी मम्मी-पापा का कॉल नहीं आएगा'
लेकिन उस वक्त उस मासूम बच्ची को ये नहीं पता था कि अब उसके मोबाइल पर कभी भी उसके मम्मी-पापा का कॉल नहीं आएगा। शीतल शर्मा ने ऊपर वाले से प्रार्थना की है कि 'वो इस परिवार को ये दर्द सहने की शक्ति प्रदान करें।'
पांवटा साहिब की मूल निवासी थीं मानसी
आपको बता दें कि मानसी सिरमौर जिले के पांवटा साहिब की मूल निवासी थीं और इस वक्त हिमाचल यूनिवर्सिटी (HPU) में गणित की प्रोफेसर थीं। तो वहीं उनके पति हरिश वर्मा की भी इस हादसे में मौत हो गई है। वो कांगड़ा के रहने वाले थे लेकिन दोनों मियां-बीवी अपनी 14 साल की बच्ची के साथ शिमला में रहते थे।
भूस्खलन के कारण शिव बावड़ी मंदिर ध्वस्त हो गया
आपको बता दें कि सोमवार सुबह भूस्खलन के कारण शिव बावड़ी मंदिर ध्वस्त हो गया, इस हादसे में करीब 21 से ज्यादा लोगों के मारे जाने का अनुमान है। राहत और बचाव काम लगातार जारी है। इस हादसे में जानकारी देते हुए बीएस राजपूत, 14 एनडीआरएफ द्वितीय,कमान ने कहा कि 'हमें जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक यहां पर कुल 21 पीड़ित हो सकते हैं। आज हमें एक और शव मिला, इस तरह 13 शव बरामद हो चुके हैं।'
बचाव मैन्युअल रूप से ही जारी
'हम ये अभी नहीं बता सकते हैं कि शवों की खोज कब खत्म होगी क्योंकि निचले क्षेत्र में शव कम से कम 2 किमी तक फैले हुए हैं और हम वहां मशीनों का उपयोग नहीं कर सकते हैं इसलिए बचाव मैन्युअल रूप से ही जारी है।'












Click it and Unblock the Notifications