हिमाचल में ये तिकड़ी पार लगाएगी भाजपा की नैया पार
Recommended Video

शिमला। हिमाचल में भाजपा की नैया मोदी शाह योगी कि तिकड़ी ही पार लगायेगी। यही पार्टी की नीति है। इसी वजह से प्रदेश के नेता चुनाव प्रचार में हाशिये पर चले गये हैं। न तो इस बार शांता कुमार की वह ललकार है, न ही धूमल की धमक। पार्टी का यह प्रयोग कितना कारगर बैठता है, यह तो आने वाला समय ही बतायेगा। लेकिन मोदी शाह व योगी की तिकड़ी के अलावा केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की धमक से धूमल खेमा इन दिनों बेचैन है।

लेकिन पार्टी आलाकमान को इस बेचैनी से शायद कोई सरोकार नहीं है। यही वजह है कि हिमाचल में तमाम प्रयासों के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश के किसी भी नेता की नहीं सुनी। पार्टी का चुनावों से पहले सीएम के चेहरे की घोषणा की मांग को भी अनसुना कर दिया। संदेश स्पष्ट है कि होगा वही जो अमित शाह चाहेंगे। पिछले कुछ फैसलों को ही देखें तो टिकट आवंटन में महिलाओं को मैदान में उतारने से लेकर मंडी में अनिल शर्मा की भाजपा में एंट्री सबकुछ बिना किसी की राय जाने हुआ है। यही वजह है कि प्रदेश भाजपा नेतृत्व अपने आपको इन दिनों असहाय महसूस कर रहा है। भले ही चुनाव मैनेजमेंट में जगत प्रकाश नड्डा हावी होते जा रहे हैं।
दरअसल नड्डा के साथ अंदरखाते पार्टी के दिग्गज नेता शांता कुमार व जय राम भी कदमताल कर रहे हैं। जिससे नड्डा को मजबूती मिली है। जिससे धूमल समर्थक मन मसोस कर तमाशा देखने को मजबूर हैं। हालांकि इससे पहले प्रदेश की राजनिति में धूमल का ही भाजपा में सिक्का चलता रहा है। इस चुनाव में हालात बदले हैं। धूमल की सीट को भी बदल दिया गया है। वह इस बार हमीरपुर से नहीं बल्कि सुजानपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। जिससे उन्हें सुजानपुर में ही अपनी जमीन मजबूत करने में खासी मेहनत करनी पड़ रही है।

हिमाचल के चुनाव में भाजपा के दिग्गज नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कड़ी में कूद गए हैं। वह हिमाचल में चुनावी रैलियां कर भाजपा के लिए वोट मांगने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 नवंबर को कांगड़ा के फतेहपुर के रेहड में जनसभा को संबोंधित करेंगे। दरअसल इस समय फतेहपुर सीट भाजपा के हाथ से निकलती नजर आ रही है। यहां भाजपा बागियों को मनाने में पूरी तरह नाकाम रही है। इसी के चलते यहां पीएम का दौरा रखा गया है। उसके बाद वह नाहन के धौलाकुंआ में भी जनता को संबोधित करेंगे। यहां 4 और 5 नवंबर को भी वह रैलियां करेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी हिमाचल में 5 दिन के प्रवास पर रहेंगे। वह 30 अक्टूबर को डलहौजी में आएंगे। इसके बाद वे कांगड़ा के ज्वाली में जनसभा करेंगे। बाकी वह नवंबर माह के पहले सप्ताह में रैलियां करेंगे। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह यहां तीन दिन जनसभाएं करेंगे। वे सभी संसदीय हलकों में प्रचार करेंगे। भाजपा के फायरब्रेंड नेता और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ योगी 29 अक्टूबर को नाहन के रेणुका और ऊना के हरोली में चुनावी जनसभा को संबोंधित करेंगे। इसी दिन अरुण जेटली शिमला में भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट को रिलीज करेंगे। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी सहित अन्य भाजपा नेता त्रिवेंद्र रावत, मनोहर लाल खट्टर, विजय सांपला, मनोज तिवारी भी हिमाचल में चुनाव प्रचार करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications