हिमाचल में बन रही है मेरी सरकार, दंग रह जाएगी भाजपा: वीरभद्र सिंह
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में चुनाव संपन्न हो गए हैं। अब 18 दिसंबर को होने वाली मतगणना में ही यह फैसला होगा कि राज्य में अगली सरकार किसकी बनेगी। इस बीच मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राज्य में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया है। वीरभद्र सिंह ने कहा, 'हम हिमाचल में दोबारा सरकार बना रहे हैं। हमारी जीत भाजपा के रणनितिकारों को दंग करने वाली है। भाजपा वालों को तो ये भी नहीं पता कि वे जिस सीट पर अपनी जीत पक्की मानकर चल रहे हैं वो भी कांग्रेस के खाते में आने वाली है।'

वीरभद्र सिंह ने आगे कहा, 'हिमाचल में कहीं कोई मोदी लहर नहीं है। यहां की जनता ने कांग्रेस सरकार के विकास पर मतदान किया है। चुनाव से पहले कराए गए सारे ओपिनियन पोल भाजपा द्वारा प्रायोजित थे। लोग अब झूठ के झांसे में नहीं आने वाले हैं। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार तय है।'
वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह इस बार हिमाचल की शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। जब वहां के कार्यकर्ता ने वीरभद्र सिंह से पूछा कि 'राजा साहब, क्या विक्रमादित्य सिंह को अगली सरकार के कैबिनेट में जगह मिलेगी?' इस पर वीरभद्र सिंह ने रहस्यमयी मुस्कान के साथ कहा, 'पहली बार विधायक बने लोगों को मंत्री नहीं बनाया जा सकता। हां लेकिन में इनके लिए एक योग्य दुल्हन की तलाश में जरूर हूं।'












Click it and Unblock the Notifications