Himachal Weather: हिमाचल में बारिश से 8 हजार करोड़ का हुआ नुकसान, नड्डा का दौरा आज
Himachal Weather News: मूसलाधार बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं ने इस बार हिमाचल प्रदेश को काफी गहरे जख्म दिए हैं। हिमाचल में 24 जून से अब तक करीब 335 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 38 लोग अभी भी लापता है, जिनकी तलाश में खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
वहीं, 24 जून से अब तक हिमाचल में करीब 8014.61 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। 2,022 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इतना ही नहीं, 13 अगस्त से अब तक 79 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें 24 लोगों की मौत सिर्फ शिमला में हुई है। यहां समर हिल में शिव मंदिर पर लैंडस्लाइड होने से अब तक 16 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

जबकि, फागली और कृष्णानगर में भूस्खलन 7 लोगों की मौत बताई जा रही है। शिमला एसपी संजीव कुमार गांधी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए बताया कि शिमला के भूस्खलन प्रभावित इलाकों में खोज एवं बचाव अभियान अभी जारी है। मलबे से अभी तक 16 शव निकाले जा चुके हैं।
बताया कि हमने कुछ ऐसे क्षेत्रों की पहचान की है जो भूस्खलन और पेड़ गिरने के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं और इन क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्शू ने कहा कि हिमाचल में स्थिति नियंत्रण में है। राज्य में भूस्खलन से कई लोगों की मृत्यु हुई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से काफी नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश में बारिश, बाढ़ औऱ भूस्खलन से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार यानी आज 20 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगे।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक, इस दौरान जेपी नड्डा आपदा प्रभावित लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा भाजपा नेता शिमला में बारिश से प्रभावित कृष्णानगर में क्षतिग्रस्त घरों और नुकसान का भी जायजा लेंगे। इसके बाद वह शिमला में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर स्थानीय प्रशासन से चर्चा करेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बिलासपुर के सर्किट हाउस पहुंचेंगे और भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण जान-माल का नुकसान झेलने वाले शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात करेंगे। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य को 'प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र' घोषित कर दिया है।
राज्य सरकार की ओर से दी गई ताजा जानकारी के मुताबिक, 24 जून से अब तक हिमाचल में 8014.61 करोड़ कुल आर्थिक नुकसान हुआ है। 2,022 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 9,615 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस साल के मानसून के मौसम में 113 भूस्खलन हुए हैं।
25 अगस्त तक खराब रहेगा मौसम
वहीं, इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, प्रदेश के कई इलाकों में 21 अगस्त तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 22 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना का है कि प्रदेश के कई इलाकों में 25 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग ने शिमला, सिरमौर और चंबा जिलों में भारी बारिश और अचानक बाढ़ आने का खतरा भी जताया है।












Click it and Unblock the Notifications