हिमाचल प्रदेश : खराब मौसम के कारण कांगड़ा में ट्रेकिंग पर लगा प्रतिबंध, भारी बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बर्फबारी हुई है। खराब हुए मौसम के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है। गुरुवार को कांगड़ा जिले के अधिकारियों ने 3,000 मीटर से ऊपर की सभी ट्रेकिंग गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है और कम ऊंचाई वाले ट्रेकिंग मार्गों के लिए भी पूर्व अनुमति लेनी होगी। यह फैसला भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)-शिमला द्वारा खराब मौसम की चेतावनी के मद्देनजर लिया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के आदेश के अनुसार, करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा मार्गों पर ट्रेकिंग करने के लिए कांगड़ा पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय से अनिवार्य तौर पर पूर्व अनुमति लेनी आवश्यक होगी। आईएमडी शिमला द्वारा चेतावनी और अलर्ट जारी किए जाने के बाद ट्रेकिंग मार्गों के लिए पहले दी गई सभी अनुमतियों को रद्द कर दी गया है।
हालांकि आपदा प्रबंधन एजेंसियां एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पर्वतारोहण केंद्र मैक्लोडगंज के खोज एवं बचाव दल और पुलिस को इन निर्देशों से छूट दी गई है। निपुन जिंदल ने जिला पर्यटन अधिकारी को कांगड़ा जिले के पर्यटन व्यवसाय से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स को पर्यटकों को ट्रेकिंग गतिविधियों पर लगे प्रतिबंधों के बारे में सूचित करने के लिए कहा है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आदेशों की पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 व आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले मनाली और लाहौल स्पीति में बर्फबारी के कारण फंसे रोहतांग सुरंग, मनाली के दक्षिण पोर्टल से लगभग 400 वाहनों को सुरक्षित बचाया गया है।
गुरुवार को अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल, धुंधी, रोहतांग दर्रा सहित मनाली की चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई, जिसके चलते अपनी गाड़ियों के साथ पर्यटक फंस गए हैं। स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने शुक्रवार को चंबा, कुल्लू, किन्नौर तथा लाहौल और स्पीति जिलों के निचले और मध्य पहाड़ी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और कई स्थानों पर बर्फबारी और 31 दिसंबर को नए साल की पूर्व संध्या पर शुष्क मौसम होने का अनुमान जताया है।












Click it and Unblock the Notifications