मंडी हादसे में 7 की मौत पर CM सुक्खू ने जताया शोक, उधर कंगना के सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़क उठे लोग
Mandi HRTC Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के मंडी में गुरुवार, 25 जुलाई को एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ। सरकाघाट सब डिवीजन के टरंगला के पास एक HRTC बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद जहां राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तत्काल राहत कार्य शुरू करने और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए, वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बीच बीजेपी सांसद कंगना रनौत सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गईं।

कई यूजर्स ने कंगना पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया और उन्हें उनके संसदीय दायित्वों की याद दिलाई। कुछ ने तो यहां तक कह दिया कि कंगना को उपराष्ट्रपति बनने की जल्दी है, लेकिन वे जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने राहत कार्य के निर्देश
हादसे की सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने X पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, "मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की मसरेन के समीप तरंगला में एचआरटीसी बस के खाई में गिरने से अब तक सात लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा कर उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दुख की घड़ी में मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"
हादसे के बाद कंगना रनौत पर उठे सवाल
हादसे के कुछ ही घंटे बाद मंडी से सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक ट्वीट किया, जिसमें वे गृह मंत्री अमित शाह के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखती हैं कि उन्होंने मंडी में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा की जानकारी दी है और केंद्र सरकार हर संभव सहायता के लिए तैयार है।
कंगना ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "आज नई दिल्ली में माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी से मुलाकात कर मंडी लोकसभा में हाल ही में आई भयंकर प्राकृतिक आपदा की विस्तृत जानकारी साझा की। मंत्री जी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सभी प्रभावित परिवारों को संभव सहायता और शीघ्र पुनर्वास प्रदान किया जाएगा। केंद्र सरकार इस संकट की घड़ी में हिमाचल के साथ मज़बूती से खड़ी है।"
हालांकि इस ट्वीट के बाद कंगना को सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा। नेटिजन्स का कहना है कि मंडी में लगातार हादसे हो रहे हैं, लोग जान गंवा रहे हैं, लेकिन सांसद कंगना रणौत अपने राजनीतिक कॅरियर को प्रमोट करने में व्यस्त हैं।
सोशल मीडिया पर कंगना को लेकर भड़के लोग - "उपराष्ट्रपति बनना चाहती हैं?"
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, "कंगना रनौत उपराष्ट्रपति बनना चाहती हैं शायद, लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि जनता drainage और सड़क की समस्याएं लेकर आएगी, क्योंकि वे सांसद हैं।"
वहीं एक अन्य ने लिखा कि "कंगना हादसे के बाद भी घटनास्थल पर नहीं पहुंचीं, न ही घायलों से मिलने की कोशिश की। बस अमित शाह के साथ तस्वीर पोस्ट कर दी। क्या यही जिम्मेदारी है एक सांसद की?"
इसके साथ ही लोग कंगना रनौट को लेकर कह रहे हैं कि सिर्फ सुखविंदर सुक्खू सरकार को कोसने से बीजेपी की वापसी नहीं होगी। जमीनी काम भी करना होगा। कुछ यूजर्स ने यह भी लिखा कि कंगना अपने राजनीतिक जीवन का आनंद नहीं ले पा रही हैं। वह लगातार शिकायत करती दिखती हैं कि लोग उनके पास स्थानीय समस्याएं लेकर क्यों आ रहे हैं, जबकि सांसद होने के नाते यह उनकी जिम्मेदारी है।
मंडी बस हादसा जहां एक ओर पूरे प्रदेश के लिए शोक और चिंता का विषय बना हुआ है, वहीं इस हादसे ने कंगना रनौत के राजनीतिक व्यवहार पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications