समोसा कांड के बाद एक्शन में हिमाचल सरकार! पढ़िए CM सुक्खू की तस्वीरें साझा करने पर क्यों लगाया बैन?
After Himachal Pradesh Samosa scandal: हिमाचल प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तस्वीरें बिना पूर्व-अनुमति के साझा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य सरकार ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब कुछ समोसा गायब होने को लेकर सीआईडी जांच बिठाए जाने पर राजनीतिक विवाद मचा हुआ है और सोशल मीडिया पर भी यह मामला खूब तूल पकड़े हुए है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री सुक्खू की तस्वीरें बिना अनुमति के नहीं साझा करने का यह आदेश सूचना और जन संपर्क के डायरेक्टर की ओर से जारी किया गया है। सीएम की प्रतिबंधित तस्वीरों के दायरे में सभी विभागीय बैठकें, सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रम शामिल हैं।

सीएम सुक्खू की तस्वीरें साझा करने पर बैन
यह आदेश सभी विभागीय सचिवों और विभागीय प्रमुखों को जारी किया गया है। यह कदम तब उठाया गया है, जब इस बात की जानकारी मिली कि तस्वीरें बिना पूर्व-अनुमति के मीडिया में जारी की जा रही थीं। बता दें कि समोसा कांड को लेकर हो रहे विवाद पर विपक्षी बीजेपी पहले ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमलावर है।
सीएम और सरकार की छवि को लेकर लिया फैसला
सरकारी चिट्ठी में मुख्यमंत्री की तस्वीरें साझा नहीं करने को लेकर जारी आदेश में कहा गया है, 'कुछ मामलों में ये तस्वीरें अनुचित हाव-भाव को जाहिर करती हैं और इसकी वजह से संभावित रूप से मुख्यमंत्री की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंच सकती है। तस्वीरों के इस अनियंत्रित प्रसार का दूरगामी असर हो सकता है, जो मुख्यमंत्री के साथ-साथ सरकार की छवि और धारणा को भी प्रभावित कर सकते हैं।'
गायब समोसा विवाद के बीच कांग्रेस सरकार का आदेश
बता दें कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की पहले से ही समोसा वाले मामले को लेकर भारी फजीहत हो रही है। बीजेपी के अलावा सोशल मीडिया पोस्ट भी 'गायब' हुए समोसे को लेकर भरे पड़े हैं।
बीजेपी है कांग्रेस सरकार पर हमलावर
शनिवार को ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक रैली में समोसा विवाद पर तंज कसते हुए कहा था, 'इंडी एलायंस सिर्फ इसी एक दिशा में काम करता है। तेलंगाना में उन्होंने कहा कि वे मुफ्त बिजली देंगे, लेकिन बिजली चली गई। हिमाचल में उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देंगे, वे नौकरियां देंगे, और भ्रष्टाचार खत्म किया जाएगा। लेकिन, आजकल एक जांच चल रही है कि समोसे किसने खा लिए?'
सीएम के लिए मंगवाए समोसे सुक्खू को नहीं मिले!
दरअसल, हाल ही सीएम सुक्खू एक सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे थे। उनके लिए शिमला के ही एक फाइव स्टार होटल रेडिसन ब्लू से समोसे मंगवाए गए। लेकिन, समोसा उन्हें नहीं दिया गया और गलती से उनके स्टाफ को परोस दिया गया। इसके बाद एक सीआईडी जांच शुरू हुई तो बड़ा बवाल मच गया।
सीआईडी की सफाई!
बाद में मुख्यमंत्री ने यह दलील देने की कोशिश की कि सीआईडी जांच का समोसा गायब होने से कोई लेना-देना नहीं है और यह एक दुर्व्यवहार के सिलसिले में था।
सीआईडी के डिप्टी जनरल संजीव रंजन ओझा ने भी दावा किया, 'यह पूरी तरह से सीआईडी का आंतरिक मसला है। मुख्यमंत्री समोसा नहीं खाते। हमने किसी को भी नोटिस नहीं दिया है। हमने सिर्फ इतना कहा है कि पता करो कि क्या हुआ था। सरकार को इससे कोई लेना-देना नहीं है....हम पता लगाएंगे कि यह जानकारी लीक कैसे हो गई.....'












Click it and Unblock the Notifications