हिमाचल: चुनाव से पहले CM जयराम के बड़े ऐलान, पानी बिल माफ, 125 यूनिट बिजली फ्री
शिमला, 15 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले राज्य की बीजेपी सरकार ने कई बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल दिवस पर 125 यूनिट फ्री बिजली देने का ऐलान किया और ग्रामीण इलाकों में पानी का बिल माफ करने का ऐलान किया है। साथ ही प्रदेश की महिलाओं को हिमाचल परिवहन निगम की बसों में किराए पर 50 प्रतिशत की छूट देने का ऐलान किया है।

आज प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल दिवस पर चंबा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी घोषणाएं की हैं। सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि हिमाचल में महिलाओं से बस किराया 50 प्रतिशत लिया जाएगा। प्रदेश में 125 यूनिट तक निशुल्क घरेलू बिजली की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले 60 यूनिट तक निशुल्क घरेलू बिजली की सुविधा दी जा रही थी। ग्रामीण क्षेत्रो में पानी का बिल माफ होगा। सीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पानी के बिलों से जलशक्ति विभाग को 30 करोड़ की आय होती है।
हालांकि पंजाब चुनावों के दौरान हिमाचल भाजपा अरविंद केजरीवाल की बिजली बिल माफ करने की नीति को विरोध करती रही है। लेकिन अब यहां आम आदमी पार्टी को मिल रहे व्यापक समर्थन से भाजपा सचेत हो गई है। अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान के मंडी में रोड शो के बाद पार्टी को अपना वोट बैंक खिसकने का खतरा पैदा होने लगा है। केजरीवाल अब 23 अप्रैल को कांगडा में रोड शो करने जा रहे हैं। भले ही प्रदेश में अभी आम आदमी पार्टी का संगठन नहीं है। लेकिन पार्टी के मॉडल को लोग पसंद करने लगे है।
यही वजह है कि प्रदेश सरकार को चुनावी साल में महिलाओं के लिये बस किराये में छूट के साथ बिजली पानी मुफत देने का एलान करना पडा है। लोकलुभावन घोषणाओं के जरिये प्रदेश के सीएम जय राम ठाकुर भाजपा के वोट बैंक को खुश रखना चाह रहे हैं। हालांकि प्रदेश की वित्तीय स्थिति दिनों दिन खराब होती जा रही है। मौजूदा ऐलानों से एक बार फिर प्रदेश के खजाने पर वित्तीय बोझ बढेगा। लेकिन चुनावी साल में लोगों को खुश रखना भी चुनौती है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश में अपने कार्यकाल के लगभग चार वर्ष तथा चार माह पूरे कर लिए हैं, लेकिन सरकार के विरूद्ध भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के चहुंमुखी और संतुलित विकास के एकमात्र उद्देश्य के कारण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों के सहयोग और समर्थन से हिमाचल में मिशन रिपीट सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के साथ-साथ राज्य में भी अपना आधार खो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के नेता पार्टी में अपना वर्चस्व साबित करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी देश के 18 राज्यों में सरकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पात्र वर्गों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने में 400 करोड़ रुपये व्यय किए जाते थे, जबकि आज प्रदेश सरकार द्वारा 1300 करोड़ रुपये से अधिक व्यय किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications