मुख्यमंत्री बनते ही जयराम ठाकुर ने बुलाई पहली मंत्रिमंडलीय बैठक, लिए गए कई अहम व कड़े फैसले
शिमला। बुधवार को जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। जय राम ठाकुर के साथ ही 11 भाजपा विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री बनते ही अपनी पहली मंत्रिमंडल बैठक की जिसमें उन्होंने कई अहम फैसले लिए। बता दें कि जयराम ठाकुर के शपथ ग्रहण में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल पहुंचे थे।

क्या फैसले लिए गए पहली मंत्रिमंडल बैठक में
हिमाचल में बीजेपी के दिग्गज नेता और अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शपथ लेने के बाद अपने मंत्रियों के साथ पहली मंत्रिमंडलीय बैठक की। उन्होंने अपनी इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के साथ साथ उन्होंने कई अहम फैसले भी लिए। ठाकुर ने बैठक में पिछली सरकार द्वारा पिछले 6 महीनों में लिए गए सभी फैसलों की समीक्षा करने का फैसला किया है। इसी के साथ उन्होंने सोशल सेक्योरिटी पेशन में लाभार्थियों की उम्र घटाकर 80 साल से 70 करने का भी फैसला किया है। ठाकुर ने इन दो अहम फैसलों के अलावा भी कई मुद्दों पर फैसले लिए हैं।

कौन-कौन शामिल हुआ मंत्रिमंडल में
नई सरकार में एक महिला कोटे से और एक दलित कोटे से मंत्री बनाए गए हैं। जयराम ठाकुर के साथ महेन्द्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, अनिल शर्मा, सरवीन चौधरी, राम लाल मार्कंड, विपिन सिंह परमार, वीरेंद्र कंवर, विक्रम सिंह, गोविंद सिंह और राजीव सहजल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को हराकर सत्ता हासिल की है। भाजपा ने 68 सदस्यीय विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत के करीब 44 सीटें हासिल की है। कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत हासिल की है।

कौन हैं जयराम ठाकुर
जयराम मंडी के एक किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की और यूनिवर्सिटी के दिनों में ही राजनीति में कदम रखने का फैसला किया। हिमाचल प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े जिले मंडी से जयराम ठाकुर पहले विधायक हैं, जो मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के 14वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। बीजेपी ने 2017 के विधानसभा चुनावों में मंडी जिले की 10 सीटों में से नौ पर जीत हासिल कर इतिहास रचा है।












Click it and Unblock the Notifications