हिमाचल चुनाव: कांग्रेस में बगावत, 7 बागियों को पार्टी से निकाला
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बागियों को मनाने में नाकाम रही कांग्रेस पार्टी ने बड़ी कार्रवाई करते हुये करीब आधा दर्जन से अधिक बागियों को पार्टी से छह साल के लिये निकाल दिया है। जिनमें तीन वीरभद्र सिंह के समर्थक भी हैं। कई चुनाव क्षेत्रों में बागी पार्टी के लिये मुसीबत बने हुये हैं। जिससे कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी परेशानी में हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव व हिमाचल प्रभारी सुशील कुमार शिंदे के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ आजाद उम्मीदवार के तौर पर लड़ रहे प्रत्याशियों पर कार्रवाई करते हुए पार्टी से निष्कासित किया गया है। पार्टी ने करीब 7 बागियों पर निष्कासन की गाज गिराई है। उनकी प्राथमिक सदस्यता को 6 साल के लिए रद्द कर दिया गया है। जिन आजाद उम्मीदवारों पर निष्कासन की गाज गिरी है उनमें से 3 वीरभद्र सिंह समर्थक हैं। पार्टी ने पहले मैदान से हटने के लिये बागियों को बाकायदा चेतावनी दी थी। लेकिन जब बात नहीं बनी तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
शाहपुर से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया पांच बार विधायक रहे चुके हैं। वहीं शिमला से चुनाव मैदान में उतरे हरीश जनाराथा शिमला के डिप्टी मेयर व नालागढ़ से चुनाव लड़ रहे हरदीप बावा इंटक के अध्यक्ष हैं। पार्टी ने बावा को इंटक के अध्यक्ष पद से हटाने के लिये भी पत्र लिखा है।
इनकी प्राथमिक सदस्यता हुई रद्द
1. शिमला शहरी से हरीश जनारथा।
2. नालागढ़ से हरदीप वाबा।
3. द्रंग से पूर्ण चंद ठाकुर।
4. रामपुर से पूर्व मंत्री सिंघी राम।
5. पालमपुर से बैनी प्रसाद।
6. शाहपुर से पूर्व मंत्री विजय सिंह मनकोटिया।
7. लाहौल स्पीति से राजेंदर कारपा।












Click it and Unblock the Notifications