क्या फतेहपुर सीट के टिकट को लेकर कांग्रेस में मचा है घमासान? जानें क्या बोले भवानी सिंह पठानिया?
बेंगलुरु, 11 अगस्त। हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव नजदीक आ रहे हैं, ऐसे में सियासी हलचल वहां तेज होने लगी है। यहां पर तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा यहां कांगड़ा जिला की फतेहपुर विधानसभा सीट को लेकर है,जो कि दिग्गज कांग्रेसी नेता और पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद खाली हुई है। ऐसे में चर्चा है कि वहां से उनके बेटे भवानी सिंह को टिकट मिल सकता है लेकिन ऐसी खबरें आ रही हैं कि उनको लेकर कांग्रेस में उथल पुथल मची है। कुछ वरिष्ठ कांग्रेस के नेता इस बात से नाराज भी चल रहे हैं। ऐसे में क्या है फतेहपुर को फतेह करने का कांग्रेस का मास्टर प्लान? इस बारे में अब खुद भवानी सिंह पठानिया ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वनइंडिया हिंदी से Exclusive बातचीत में टिकट और पार्टी के बारे में खुलकर चर्चा की।

23 साल के कॉर्पोरेट करियर को अलविदा कहकर सियासी दंगल में उतरने वाले भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि 'पहली बात तो ये कह दूं कि मेरे पिताजी की वसीयत में कहीं नहीं लिखा कि मेरा बेटा मेरे बाद चुनाव लड़ेगा। मेरा एक सक्सेसफूल कॉर्पोरेट करियर था। मुझे तो खींचकर राजनीति में लाया गया है और मुझे खींचकर लाने वालों में हैं ब्लॉक प्रमुख ,महिला सेल ,युवा सेल , मुझे जनता की सेवा के लिए लाया गया है। रही बात वरिष्ठ नेताओं के नाराज होने की तो देखिए अभी टिकट तो निश्चित हुआ नहीं है, टिकट तो निश्चित तब होगा, जब यहां चुनाव होना निश्चित होगा। वैसे टिकट के लिए तो बात करना पार्टी के हर नेता का हक है।'
यहां देखें- भवानी सिंह पठानिया का Exclusive Interview
मेरा फोकस सिर्फ अपने काम पर रहता है: भवानी सिंह पठानिया
भवानी सिंह पठानिया ने आगे कहा कि 'अब टिकट किसको मिलेगा या नहीं मिलेगा इस बारे में फैसला तो पार्टी ही करती है, रही बात मेरी तो, मैं तो किसी से लड़ा नहीं हूं और ना ही मैंने किसी के खिलाफ कोई बयानबाजी की है। रही बात लोगों के नाराज होने की तो मैं किसी की बात पर ज्यादा ध्यान नहीं देता क्योंकि मैं सिर्फ अपना काम करता हूं और अपने काम के अलावा किसी और की बातों और बयानों को सुनता नहीं हूं क्योंकि मेरा मानना है कि अगर और किसी पर ध्यान दूंगा तो मेरा फोकस काम से हट जाएगा और वो मैं नहीं चाहता।' गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश की जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर और अर्की विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होने है, जिनकी तारीख का ऐलान जल्द हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश की खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

सात बार विधायक रहे थे सुजान सिंह पठानिया
आपको बता दें कि लंबी बीमारी के बाद इसी साल फरवरी में दुनिया को अलविदा कहने वाले पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया कांगड़ा जिले में फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। कांग्रेस के दिग्गज नेता कहे जाने वाले सुजान सिंह पठानिया 7 बार विधायक रह चुके थे। पठानिया साल 1977 में राज्य विधानसभा के लिए चुने गए थे और इसके बाद वह 1990, 1993, 2003, 2009 में ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव, 2012 और 2017 में फतेहपुर सीट से चुनाव जीते थे। आपको बता दें कि साल 2007 में परिसीमन से पहले फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र ज्वाली कहलाता था।












Click it and Unblock the Notifications