हिमाचल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानें कितने चरण में होगी वोटिंग और कब आएगा परिणाम
चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसकी जानकारी चीफ इलेक्शन कमिश्ननर ऑफ इंडिया राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में के दौरान दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से वोटिंग कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग की तरफ से प्रदेश में चुनाव कराने की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। वोटिंग पोस्टल बैलेट से कराई जाएगी। इसके अलावा कोरोना संक्रमित भी वोट डाल सकेंगे। इनके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश में एक चरण में 12 नवंबर को वोटिंग होगी। जबकि रिजल्ट 8 दिसंबर को आएगा। वहीं, नोटिफिकेशन 17 अक्टूबर को जारी होगा।
Recommended Video

68 विधानसभा सीटों पर होगा चुनाव
प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। इससे पहले 2017 में चुनाव के दौरान भाजपा 44 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस को 21, सीपीआई (एम) को एक सीट मिली थी। दो निर्दलीय प्रत्याशी भी विधायक बने थे। हालांकि, बाद में दोनों ने भाजपा सरकार को समर्थन दे दिया था। बता दें कि हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों में से 17 सीटें एससी वर्ग और 3 सीटें एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
25 अक्टूबर तक कर सकेंगे नामांकन
उम्मीदवार 25 अक्टूबर तक नामांकन कर सकेंगे। वहीं, फॉर्मों की स्क्रूटनी 27 अक्टूबर को होगी। जबकि नॉमिनेशन वापस लेने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर है। बता दें कि प्रदेश में विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो जाएगा।
55 लाख वोटर चुनेंगे सरकार
चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार प्रदेश में 55 लाख वोटर वोट डालेंगे। इनमें 27 लाख 80 हजार पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिलाएं हैं। प्रदेश में 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। वहीं, 1184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है।
घर से वोट डाल सकेंगे दिव्यांग और बुजुर्ग
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव आयोग ने बताया कि 80 साल से ज्यादा उम्र के लोग, दिव्यांग या कोविड संक्रमित जो वोट देना चाहते हैं और वह पोलिंग बूथ तक आने में असमर्थ हैं। ऐसे मतदाताओं को आयोग की तरफ से घर पर वोट डालने की सुविधा दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का EC ने नहीं किया ऐलान, दिवाली के बाद घोषित हो सकता चुनावी कार्यक्रम












Click it and Unblock the Notifications