HIMACHAL ELECTION: जोगिन्दर नगर सीट पर सऊदी अरबपति की वजह से रोचक मुकाबला
शिमला। हिमाचल चुनाव में मंडी जिला का जोगिन्दरनगर निर्वाचन क्षेत्र इस बार भाजपा नेता गुलाब सिंह के लिये नहीं बल्कि यहां निर्दलीय चुनाव लड़ रहे सऊदी अरब से आए प्रकाश राणा की वजह से खासी चर्चा में है। करीब तीन सौ करोड़ की संपत्ति के मालिक राणा के मन में चुनाव लड़ने की हसरत जागी व वह सऊदी अरब में अपना बिजनेस कुछ दिनों के लिये छोड़कर यहां आ गये। राणा की मौजूदगी ने चुनाव को काफी रोचक बना दिया है।

भाजपा विधायक गुलाब सिंह ठाकुर हैं काबिज
यह चुनाव क्षेत्र भाजपा के दिग्गज नेता गुलाब सिंह ठाकुर के कब्जे में रहा है लेकिन इस बार यहां चौकाने वाला मुकाबला होने जा रहा है। मात्र 27 वर्ष की आयु में पहली बार विधायक बनने वाले तेज तर्रार नेता गुलाब सिंह ठाकुर इस विधानसभा सीट से सात बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अब 8 वीं बार विधानसभा में पहुंचने की हसरत पाले हुये हैं। गुलाब ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के समधी और सांसद अनुराग ठाकुर के ससुर हैं। जोगिंदरनगर सीट पर गुलाब ठाकुर का काफी ज्यादा प्रभाव रहा है। बहुत से काम उन्होंने करवाए हैं।
वह जोगिंदरनगर में एम्स स्तर का आयुर्वेद कॉलेज खुलवाने, एचआरटीसी का डिपो खुलवाने, लड़भड़ोल में एसडीएम कार्यालय खोलने और एक हजार करोड़ की लागत से थाना पलौण प्रोजेक्ट को शुरू करने के आश्वासन जनता को दे रहे हैं। वह जनता के बीच सिर्फ विधायक बनने के लिए वोट नहीं मांग रहे, बल्कि सीधे मंत्री बनने के लिए वोट मांग रहे हैं। पूर्व की भाजपा सरकार में भी गुलाब ठाकुर लोक निर्माण और राजस्व जैसे विभागों का जिम्मा संभालकर सबसे वरिष्ठ मंत्री के तौर पर कार्य कर चुके हैं। उनकी मानें तो जोगिंदरनगर की जनता को पता है कि यदि वह जीतकर जाएंगे तो भाजपा की सरकार में उन्हें उच्च पद मिलना तय है।

कांग्रेस ने बदला अपना चेहरा
वहीं कांग्रेस ने इस बार जोगिंदर नगर से अपना चेहरा बदला है। यहां पहले चाचा और भतीजे में जंग होती थी जो इस बार नहीं हो रही। एक तरफ जहां भाजपा से गुलाब ठाकुर प्रत्याशी होते थे, वहीं कांग्रेस से इनके सगे भतीजे सुरेंद्र पाल ठाकुर को टिकट दिया जाता था लेकिन अब टिकट जीवन ठाकुर को मिला है। जीवन पेशे से वकील हैं और ब्लाक कांग्रेस कमेटी जोगिंदरनगर के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने पंचायत चुनाव से अपनी राजनीति की शुरुआत की थी। जिला परिषद के चुनावों में भाजपा विधायक गुलाब ठाकुर के बेटे को मात दी थी, यही कारण है कि अब पार्टी ने उन्हें टिकट देकर मैदान में उतारा है। वह जनता के पास राज्य सरकार की उपलब्धियों और केंद्र सरकार की नाकामियों को ले जाकर वोट मांग रहे हैं। प्रदेश की कुछ सीटों पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है और इनमें जोगिंदरनगर क्षेत्र का नाम भी शामिल है। यहां से माकपा के युवा एवं तेजतर्रार नेता कुशाल भारद्वाज को टिकट दिया गया है। कुशाल भारद्वाज एसएफआई, माकपा और किसान सभा के विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह मजदूरों, किसानों और बेरोजगारों सहित इलाके की विभिन्न समस्याओं को लेकर हमेशा आवाज बुलंद करते रहते हैं। यही कारण है कि उनकी अपने विधानसभा क्षेत्र में एक अलग पहचान है। कुशाल ठाकुर जनता के बीच किसानों, बागवानों, बेरोजगारों, मजदूरों और इलाके के अन्य मुद्दों को लेकर जा रहे हैं।

सऊदी से आए अरबपति प्रकाश राणा
चौथे प्रत्याशी के रूप में जोगिंदरनगर के गोलवां गांव के रहने वाले प्रकाश राणा सऊदी अरब में कारोबार करते हैं। राणा का सऊदी अरब में करोड़ों का कारोबार है। वे डायमंड समेत कई कंपनियों के मालिक हैं। पार्टनरशिप में उनका ट्रांसपोर्ट, कंस्ट्रक्शन, डायमंड और इंजीनियरिंग इक्विपमेंट्स का कारोबार है। राणा के कारोबार में करीब 700 भारतीय अलग-अलग पदों पर काम करते हैं । इतना ही नहीं, उन्होंने अपने इलाके के 80 लोगों को सऊदी अरब में काम दिया हैं। गोलवां में उन्होंने एक आलीशान मकान बना रखा है। यही नहीं घर के बाहर एक निजी हेलीपैड भी बनवा रखा है। जब 1985 में वह सऊदी अरब काम के सिलसिले में गए तो उनके माता पिता गांव में अकेले रह रहे थे। इसलिए उनके बीमार होने या किसी भी इमरजेंसी के लिए उन्होंने अपने घर के सामने हेलीपैड बनवा लिया। दिल्ली से अक्सर अपने गांव लड़भड़ोल में हेलिकॉप्टर से आते हैं। राणा का चुनाव लडऩे का मूड हुआ तो इस बार किसी पार्टी के टिकट का इंतजार किये बिना चुनावी रण में कूद गए। वह अपने इलाके के लोगों की समय-समय पर मदद करते रहते हैं इसलिए चुनावी मैदान में उतरने का हौंसला मिला। वह जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के पिछड़ेपन की दुहाई देकर चुनाव लड़ रहे हैं। कहते हैं कि अगर जीत गया तो फिर बतौर विधायक मिलने वाले वेतन को जनता पर ही खर्च करूंगा। यही नहीं प्रकाश राणा हर घर में रोजगार और खुशहाली देखने का सपना भी जनता को दिखा रहे हैं।

जोगिन्दर नगर की कसौटी पर कौन खरा उतरेगा?
मंडी जिला के जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र उन विधानसभा में 80 हजार से भी अधिक मतदाता हैं जबकि विधनसभा क्षेत्र की आबादी करीब डेढ़ लाख है। हलांकि विधानसभा क्षेत्र में अभी तक विकास के कई कार्य हुए हैं, लेकिन अभी भी यहां बहुत कुछ करना बाकी है क्योंकि समय के साथ यहां आबादी भी बढ़ रही है और समस्याएं भी। अधिकतर मतदाता ऐसे प्रत्याशी को चुनने वाले हैं जो ईमानदार हो और इलाके का विकास करवाने के लिए प्रतिबद्ध हो। लिहाजा जोगिंदरनगर से चुनावी रण में उतरे प्रत्याशियों को मतदाताओं की इन कसौटियों पर खरा उतरना होगा।












Click it and Unblock the Notifications