'न पासपोर्ट, न वीजा', अवैध तरीके से धर्मशाला में रह रहा था न्यू जर्सी का नागरिक, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज में रह रहे विदेशी नागरिक को धर्मशाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कांगड़ा के अतिरिक्त एसपी हितेश लखनपाल ने बताया कि वह साल 2021 से बिना दस्तावेजों के भारत में अवैध तरीके से रह रहा हैं।
धर्मशाला पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिक की पहचान 28 वर्षीय मीका टायलर हाइट के रूप में हुई है और वो न्यू जर्सी का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लेने के बाद विदेशी नागरिक मीका टायलर हाइट को कोर्ट में पेश किया और एक दिन की रिमांड लेकर पूछताछ की।

साथ ही, मीका टायलर को हिरासत में लिए जाने की जानकारी अमेरिकी दूतावास को भी दी गई है। फिलहाल वे प्रमाण-पत्र का सत्यापन कर रहे हैं। कांगड़ा के अतिरिक्त एसपी हितेश लखनपाल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि हमें सूचना मिली थी कि एक विदेशी नागरिक मैक्लोडगंज में घूम रहा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विदेशी नागरिक से कागजात मांगे। लेकिन, उसके ना तो पासपोर्ट और ना ही वीजा। उन्होंने बताया कि हम उसे पुलिस स्टेशन ले आए और पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह अमेरिका के न्यू जर्सी का रहने वाला है। इसके बाद हमने उसके खिलाफ फॉर्नर एक्ट की धारा 14 के तहत एक एफआईआर दर्ज की है।
साथ ही, उसे अदालत में पेश किया। कोर्ट से हमें पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड मिली। पूछताछ के दौरान विदेशी नागरिक ने अपना नाम मीका टायलर हाइट (28) बताया। साथ ही कहा कि वह बौद्ध धर्म का पालन कर रहा है और 2021 से भारत में है।
हमने अमेरिकी दूतावास को सूचित कर दिया है और वे प्रमाण-पत्र का सत्यापन कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि हमने दूतावास के साथ उसकी जानकारी भी साझा की है। हम उनकी पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications