हिमाचल प्रदेश में 26 मई तक बढ़ाया गया 'कोरोना कर्फ्यू', जानिए नए नियम
कोरोना कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खोलने के लिए हर रोज तीन घंटे की छूट दी जाएगी।
शिमला, 15 मई: देश में कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में जारी 'कोरोना कर्फ्यू' को 26 मई तक के लिए बढ़ा दिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कोरोना कर्फ्यू को अगले 10 दिनों के लिए आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। कैबिनेट बैठक के बारे में जानकारी देते हुए राज्य के मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खोलने के लिए लोगों को हर रोज तीन घंटे की छूट दी जाएगी।

इसके साथ ही सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू के नए नियमों के तहत हार्डवेयर की दुकानों को भी मंगलवार और शुक्रवार को खोलने की इजाजत दी गई है। गौरतलब है कि प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच हिमाचल सरकार ने 6 मई से लेकर 16 मई तक के लिए कोरोना कर्फ्यू लागू किया था। कोरोना कर्फ्यू के दौरान जहां सभी दफ्तरों को बंद रखने का फैसला लिया गया, वहीं आवश्यक सेवाओं के लिए छूट दी गई है। इसके अलावा बाहर के किसी राज्य से आने वाले व्यक्ति के लिए प्रदेश में एंट्री के वक्त कोरोना वायरस की नेगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाना जरूरी है।
'फिलहाल स्थगित करें शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम'
सुरेश भारद्वाज ने लोगों से अपील की, कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए जितना संभव हो, अपने घर पर ही रहें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि लोगों को शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम कुछ समय के स्थगित कर देने चाहिए और अगर बहुत जरूरी है तो 20 लोगों के साथ सादे कार्यक्रम के तौर पर इन्हें संपन्न करें। राज्य सरकार पहले ही कक्षा 10 की परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला ले चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications